Road accident Banka : स्कॉर्पियो की टक्कर में एक दर्जन श्रद्धालु घायल, सीवान के रहने वाले हैं सभी
Road accident Banka बांका के देवघर-सुल्तानगंज मुख्यमार्ग स्थित तरैया पुल पर भयंकर रोड हासदा हुआ। पिकअप एवं स्कॉर्पियो वाहन के बीच सीधी टक्कर हो गई। घटना में एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं। सभी घायल सीवान के रहने वाले हैं।
जागरण संवाददाता, बांका। Road accident Banka : देवघर-सुल्तानगंज मुख्यमार्ग स्थित तरैया पुल पर सोमवार को तेज रफ्तार पिकअप एवं स्कॉर्पियो वाहन के बीच सीधी टक्कर हो गई। घटना में एक दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए। इलाज के लिए सभी घायलों को सीएससी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। घायलों में सिवान जिले के रघुनाथपुर थाना के गभीर सिंह टोला गांव के धनावती देवी, फकीरचंद प्रसाद, रूबी कुमारी, अजुरिया देवी, सनपतिया देवी, फुलवतिया देवी, कॉलेशरी देवी, सुनैना देवी, अशोक सिंह, परमात्मा सिंह और झारखंड के मधुपुर जिला अंतर्गत अनिता कुमारी, त्रिसा कुमारी शामिल हैं।
घायल फकीरचंद के अनुसार सभी लोग पीकप वाहन से सवार होकर पूजा अर्चना करने बाबाधाम देवघर जा रहे थे। सुबह सुल्तानगंज से जल भरकर देवघर के लिए निकले। तभी तरैया मोड़ स्थित बदुआ नदी पुल पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया। हादसा इतना तेज था कि पीकप पर सवार सभी श्रद्धालु एक दूसरे से टकराने के साथ साथ वाहन की बॉडी से जा टकरायी। जिससे सभी लोग घायल हो गए।
वहीं, स्कॉर्पियो सवार अनिता देवी ने बताया कि पीकप वाहन काफी तेज रफ्तार से आ रही थी। टर्निंग पर वाहन असंतुलित होकर सड़क के दूसरी किनारे पर जा रही स्कॉर्पियो में टक्कर मार दिया। घटना के बाद दोनों वाहनों के चालकों के बीच मुआवजे को लेकर तेज बहस हो गई। मामला मारपीट तक जा पहुंचा। स्थानीय लोगों व राहगीरों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया दोनों वाहनों को जब्त किया गया है। दोनों के बीच सुलह होने की उम्मीद है। इसके बाद वाहनों को छोड़ दिया जाएगा।
लगातार हो रहे सड़क हादसे
बांका में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। वहीं, इस निपटने के लिए कोई खास उपाय नहीं किया जा रहा है। सड़कों पर तेज रफ्तार में वाहनों का परिचालन किया जाता है। इस कारण जरा सी चूक हादसे को नियंत्रण देती है।