जब राजद कार्यकर्ताओं ने अपने ही विधायक के विरोध में किया प्रदर्शन Bhagalpur News
राजद विधायक रामविलास पासवान उस समय घिर गए जब उनका विरोध उनके ही कार्यकर्ताओं ने कर दिया। उनपर कई आरोप लगाते हुए विधायक का पुतला दहन किया। उनके खिलाफ नारेबाजी की।
भागलपुर [जेएनएन]। पीरपैंती प्रखंड राजद के चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के एक खेमे में विधायक रामविलास पासवान के प्रति काफी आक्रोश है। जिला पार्षद पप्पू यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विधायक पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए चुनाव को रद करने की मांग की। राजद कार्यकर्ताओं ने एक गेस्ट हाउस में पहले बैठक की। उसके बाद विधायक का पुतला लेकर जुलूस निकाला।
कार्यकर्ता जुलूस में विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए शेरमारी चौक पर पहुंचे और वहां पर विधायक का पुतला दहन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं का आरोप था कि विधायक एवं उनके बिचौलिया ने मिलकर संगठन का बेड़ा गर्क कर दिया। पहले चुनाव स्थगन का नाटक किया फिर गुपचुप तरीके से चुनाव करा लिया। अजय मधुकर पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। वह भी अध्यक्ष के दावेदार थे। उन्हें सूचना तक नहीं दी गई।
अजय मधुकर, मो. मुख्तार, रामगोपाल केडिया, असद असरफी, मुखिया पवन यादव, मो. इस्लाम, अशोक यादव, पीतांबर मंडल, त्रिपुरारी यादव, मेदो यादव, अजय यादव, राकेश यादव आदि ने विधायक के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। वहीं इस संबंध में विधायक रामविलास पासवान ने कहा कि वह पीरपैंती के प्रभारी नहीं थे बल्कि बांका के प्रभारी थे। कुछ लोगों को गलतफहमी हो गई है। दो-चार लोगों ने ही ऐसा किया है। मैं अभी पटना में हूं। विधानसभा का सत्र चल रहा है। वापस आने पर कार्यकर्ताओं से मिलूंगा तब स्थिति स्पष्ट होगी।