रिंटू सिंह हत्याकांड पूर्णिया : अटिया सिंह की गिरफ्तारी की सूचना पर दिन भर चलता रहा हाई वोल्टेज ड्रामा
रिंटू सिंह हत्याकांड पूर्णिया पूर्व जिला परिषद सदस्य की हत्या मामले में नवगछिया से दो आरोपिता को गिरफ्तार किया गया है। धोबिनिया व धर्मशाला रोड से हुई गिरफ्तारी। इस हत्याकांड में एसटीएफ और नवगछिया पुलिस ने दो लोगों को बुधवार देर रात को गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। पूर्णिया जिले के बहुचर्चित रिंटू सिंह हत्याकांड में एसटीएफ और नवगछिया पुलिस ने दो लोगों को बुधवार देर रात को गिरफ्तार किया है। इनमें केशव झा और अभिनंदन यादव शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी नवगछिया शहर से हुई है। गिरफ्तारी के बाद पूर्णिया पुलिस पूछताछ के लिए दोनों को अपने साथ ले गई।
12 दिसंबर की शाम में रिंटू सिंह की हत्या सरसी थाना परिसर के पास चाय-नाश्ते की दुकान पर कर दी गई थी। कांग्रेस नेता रिंटू सिंह पूर्व जिला परिषद सदस्य भी थे। इस मामले को लेकर पूर्णिया में राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। रिंटू सिंह की पत्नी ने राज्य की खाद्य आपूर्ति मंत्री लेशी सिंह पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था। हालांकि, मंत्री सहित जदयू के कई नेताओं ने इस आरोप का खंडन किया है।
रिंटू सिंह पूर्णिया जेल में बंद दबंग बिट्टू सिंह का सहयोगी था। बिट्टू सिंह को पुलिस ने कुछ माह पूर्व एके 47 के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बिट्टू के जेल जाने के बाद उसके समर्थक कमजोर पड़ गए थे। इसी क्रम में अटिया सिंह ने मौका पाकर रिंटू सिंह की हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए अटिया सिंह के घर की कुर्की-जब्ती भी की। अटिया पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका। इसी बीच अटिया ने छह जनवरी को सहरसा के सेवानिवृत्त दारोगा के पुत्र नीरज झा की हत्या कर दी। नीरज झा रिंटू सिंह का मित्र था। इस घटना के बाद भी पूर्णिया की राजनीति गरमाई थी। पूर्व सांसद पप्पू यादव भी नीरज के घर सांत्वना देने पहुंचे थे।
इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि अटिया अपने अन्य समर्थकों के साथ नवगछिया में छिपा हुआ है। इस सूचना पर एसटीएफ, पूर्णिया पुलिस और नवगछिया पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। छापेमारी के दौरान नवगछिया शहर के धर्मशाला रोड के केशव झा और धोबिनिया के अभिनंदन यादव पकड़े गए। हालांकि, दिन भर यह चर्चा रही कि पुलिस ने इन दोनों के साथ लेशी सिंह के भतीजे अटिया सिंह को भी गिरफ्तार किया है। अंत में वरीय अधिकारियों ने अटिका की गिरफ्तारी का खंडन कर दिया। अटिया सिंह पर एसटीएफ ने 50 हजार रुपये का इनाम रखा है।
पुलिस के सहयोग से केशव झा और अभिनंदन यादव को पकड़ा गया है। पूर्णिया पुलिस दोनों को रिंटू सिंह हत्याकांड में अपने साथ ले गई है। वहां इनसे पूछताछ की जा रही है। - दिलीप सिंह, डीएसपी, नवगछिया