Ram temple Ayodhya : राम मंदिर निधि संग्रह अभियान आज से शुरू, बूढ़ानाथ मंदिर में जुटेंगे कई संत
Ram temple Ayodhya भागलपुर में आज से राम मंदिर निधि संग्रह अभियान का श्रीगणेश हो रहा है। बूढ़नाथ मंदिर में इस अभियान को शुरू करने के लिए कई संत आएंगे। वहीं राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ सहित उसके कई संगठन में इस अभियान में लगे हैं।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर में आज से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान शुरू होगा। इस अभियान की शुरुआत बूढानाथ मंदिर से किया जाएगा। जहां जिले के कई संत आमंत्रित किए हुए हैं। इस अभियान का नेतृत्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कर रहा है। आरएसएस के कई अन्य अनुशांगिक संगठन के कार्यकर्ता इसमें सक्रिय में रूप में योगदान दे रहे हैं। भागलपुर जिले का अभियान समिति का अध्यक्ष प्रो डॉ राणा प्रताप सिंह को बनाया गया है। प्रो राणा प्रताप सिंह आरएसएस के भागलपुर जिला संघचालक हैं। बूढ़ानाथ मंदिर में आयोजित होने वाले आज के समारोह में महर्षि मेंहीं आश्रम कुप्पाघाट के संत निर्मलानंद जी महाराज, बूढ़ानाथ मंदिर के महंथ शिवानंद गिरी, योगीवीर पहाड़ ईशीपुर बाराहाट के आचार्य श्रीमाई जी महाराज शामिल होंगे। इसके अलावा आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद, भारत विकास परिषद, भारतीय मजदूर संघ, बजरंग, हिंदू जागरण मंच, जागृत युवा समिति, विवेकानंद केंद्र, विद्या भारती, भारतीय जनता पार्टी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, हिंदू महासभा, अधिवक्ता परिषद, संस्कार भारती, सहकार भारती, सेवा भारती, वनवासी कल्याण आश्रम आदि के कार्यकर्ता समारोह में शामिल होंगे। इसके लिए आनंदराम ढांढनियां सरस्वती विद्या मंदिर में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान का जिला कार्यालय बनाया गया है। जहां प्रतिदिन बैठकें हो रही है। इसकी तैयारी यहां पिछले एक माह से की जा रही है।
घर-घर संपर्क करेंगे कार्यकर्ता
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह करने घर-घर कार्यकर्ता जाएंगे। इसके लिए पूरे देश में एक जैसा कूपन छपा है। राशि देने वालों को रसीद दी जाएगी। लोगों को प्रेरित किया जाएगा कि राम मंदिर के निर्माण में ज्यादा से ज्यादा रुपयों का सहयोग करें। ताकि अयोध्या में राम का भव्य मंदिर बनाई जा सके। कार्यकर्ताओं की टोली हर वर्ग के लोगों के पास जाएगी। प्रत्येक व्यक्ति से सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा अन्य मत मानने वाले लोगों के पास भी कार्यकर्ता जाएंगे। उनसे मंदिर निर्माण के लिए सहयोग मांगेंगे। इस अभियान को बल देने के लिए जगह-जगह हनूमान चालीसा और रामरचित मानस का पाठ किया जा रहा है। विभिन्न मंदिरों में यह आयोजन हो रहे हैं। यहां बता दें कि आज से ही पूरे देश में इस अभियान की शुरुआत होगी। यह अभियान आज से 27 फरवरी तक चलेगा।