बंगाल के कुतुबुद्दीन ने 30 साल की विधवा से दुष्कर्म की कोशिश, विरोध करने पर आंख और चेहरे पर किया वार, लोगों ने काटा बवाल
कटिहार में तीस साल की विधवा के साथ बंगाल के युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। इस दौरान महिला के विरोध करने पर आरोपित ने सिर और आंख पर वार कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर लोगों ने जमकर बवाल किया।
जागरण संवाददाता, कटिहार। रोशना ओपी के एक गांव में 30 वर्षीय एक विधवा के साथ दुष्कर्म की कोशिश पर जमकर बवाल हुआ। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित को जमकर पिटाई कर दी। बाद में आरोपित को पुलिस के हवाले कर दिया गया। मारपीट में गंभीर रुप से जख्मी आरोपित को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया भेज दिया गया है।
इधर घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। घटना की सूचना पर रोशना ओपी अध्यक्ष प्रेम कुमार भारती सदलबल मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। बाद में सदर एसडीओ शंकर शरण ओमी, एसडीपीओ अमरकांत झा, अंचलाधिकारी विनय कुमार व अवर निरीक्षक राजकिशोर ङ्क्षसह भी मौके पर पहुंच पूरी स्थिति का जायजा लिया। घटना को लेकर व्याप्त तनाव को देखते हुए गांव में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है। वरीय अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल निवासी कुतुबुद्दीन द्वारा महिला को जबरन मकई खेत ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश की जा रही थी। इस दौरान महिला के शोर मचाने पर काफी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और उसकी जमकर पिटाई की गई। इधर महिला के आंख व मुंह पर जख्म के निशान हैं। महिला को जख्मी अवस्था में देख लोगों का गुस्सा और भड़क गया । फिलहाल इस मामले को लेकर दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सदर एसडीओ ने बताया कि एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस की तैनाती दंडाधिकारी के नेतृत्व में की गई है।स्थिति फिलहाल सामान्य है।
एक महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश में ग्रामीणों द्वारा आरोपित की पिटाई की गई है। इस बाबत दो-दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक की गिरफ्तारी भी हुई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। -अमरकांत झा, एसडीपीओ, कटिहार सदर।