प्रवासी मजदूरों को हुनर के मुताबिक मिलेगा रोजगार
कोरोना संकट के कारण विभिन्न राज्यों से लौट रहे प्रवासियों को रोजगार की चिंता है। नियोजनालय ने इसे दूर करने के लिए प्रयास तेज कर दिया है।
भागलपुर। कोरोना संकट के कारण विभिन्न राज्यों से लौट रहे प्रवासियों को रोजगार की चिंता सता रही है। बाहर से आने वालों में ज्यादातर कुशल या अकुशल कामगार हैं। वे अब अपने गृह जिला में ही रहकर रोजगार करना चाहते हैं। कामगारों को उनके हुनर के अनुरूप काम मिले, इसके लिए सरकारी स्तर पर भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं। शुक्रवार को दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम प्रश्न पहर में नियोजनालय के सहायक निदेशक अश्वजीत कुमार पराशर ने पाठकों को इसके बारे में जानकारी दी। उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया।
-------
नियोजनालय में निबंधन की तैयारी
सहायक निदेशक ने बताया कि प्रवासी कामगारों का नियोजनालय में निबंधन कराने की प्रक्रिया शुरू है। यह बहुत ही सरल है। जो नियोजनालय आने में असमर्थ हैं वे www.ठ्ठष्ह्य.द्दश्र1.द्बठ्ठ पर जाकर घर बैठे निबंधन कर सकते हैं। निबंधन होते ही रोजगार की प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी।
----------
पोर्टल पर रहेगी सारी जानकारी
दूसरे राज्यों से लौटे प्रवासियों को उनके हुनर के अनुरूप काम दिलाने के लिए नियोजनालय पोर्टल बना रहा है। इस पोर्टल पर कामगारों नाम, उनके कौशल और अनुभव की जानकारी रहेगी। उद्योग विभाग ने भी श्रम साधन पोर्टल बनाया है। जिन्हें कुशल, अर्द्ध कुशल, अकुशल कामगारों की तलाश है। उन्हें तुरंत कामगार मिल जाएंगे।
-----------
तैयार हो रहा डाटाबेस, मिलेगा रोजगार
सहायक निदेशक ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला स्तर पर एक कमेटी गठित हुई है। कमेटी प्रवासी मजदूरों का डाटाबेस तैयार कर रही है। प्रवासी मजदूरों जिनमें बढ़ई, पेंटर, इलेक्ट्रिकल, मशीन मरम्मत, फिटिंग, कास्ट ढलाई, कपड़ा बुनाई, धागा बुनाई, वस्त्र उद्योग, कंप्यूटर, रंगाई-कढ़ाई, कुरियर, एसी, कूलर, पंखा मरम्मत आदि से जुड़े हैं, उन्हें उनके हुनर के अनुसार रोजगार मुहैया कराया जाएगा।
-------------
प्रश्न : मैं स्नातक हूं। कंप्यूटर चलाना जानता हूं। क्या मुझे रोजगार मिलेगा? - राकेश रौशन, बिहपुर :
उत्तर : रोजगार जरूर मिलेगा। आप नियोजनालय में निबंधन कराइए। आपको आपकी योग्यता के मुताबिक काम मिलेगा। प्रश्न : सरकारी नौकरी चाहते हैं। बी-टेक किए हैं।
दुष्यंत कुमार, मिरजान
उत्तर : सरकारी नौकरी नियोजनालय के जरिये नहीं मिलती। इसके लिए आप उस पेशे से जुड़ी रिक्तियों के लिए आवेदन दें। हम आपको प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अच्छी तैयारी का मौका दिला सकते हैं। प्रश्न : हम स्वरोजगार करना चाहते हैं। सिलाई-कढ़ाई जानते हैं। रास्ता बताएं। सोनी कुमारी, बड़ी भवनाथपुर
उत्तर : सिलाई-कटाई या अन्य स्वरोजगार के लिए बिना किसी गारंटी के तत्काल आपको 50 हजार रुपये का मुद्रा लोन मिल जाएगा। इस लोन की खासियत है कि पहले साल कोई किश्त नहीं देनी है। आप सिलाई मशीन डाल कर आसानी से रोजगार कर सकती हैं। प्रश्न : नौकरी चाहते हैं। 2012 में निबंधन कराया था। - अभिनंदन कुमार ठाकुर, चांदपुर पीरपैंती :
उत्तर : नियोजनालय में तीन साल तक का निबंधन होता है। यदि उसके बाद किसी ने नवीकरण नहीं कराया तो यह मान लिया जाता है कि उसे काम मिल गया है। इसलिए आप फिर से निबंधित हो जाइए। आपको हुनर मुताबिक नौकरी मिलेगी। प्रश्न : किसी भी कार्यालय में नौकरी चाहता हूं। कंप्यूटर कोर्स किया हूं।
लालू यादव, दासपुर, शाहकुंड
उत्तर : बहुत से कार्यालयों से ऐसी नौकरी के लिए लोगों की जरूरत है। हमारे नियोजनालय में इसके लिए कार्यालयों से मांग पत्र आया है। आप निबंधन करा लें, नौकरी मिलेगी। प्रश्न : कुरियर कंपनी में काम करता था, लॉकडाउन में बैठा दिया गया। अब क्या करें।
राजेश कुमार, इशाकचक
उत्तर : किस परिस्थिति में आपको नौकरी से हटाया गया, यह नहीं जानता। यदि आप नियोजनालय में निबंधन कराते हैं तो कुरियर कंपनियों को नौजवानों की जरूरत है। आपको तुरंत नौकरी मिलेगी। प्रश्न : बाहर से आ रहे प्रवासी श्रमिकों की जरूरत हैं, उनसे कैसे संपर्क करें। चांद झुनझुनवाला, लहरी टोला
उत्तर : आप खुद की नौकरी नहीं बल्कि बाहर से आए प्रवासी कामगारों को प्रतिष्ठान में नौकरी देना चाहते हैं। आप श्रम साधन पोर्टल पर जाकर श्रमिकों से सीधा संपर्क कर सकते हैं। उक्त पोर्टल पर श्रमिकों की सारी जानकारी और संपर्क नंबर मौजूद है।