नवगछिया को पूर्ण जिले बनाने की मांग को लेकर आंदोलन तेज
पुलिस जिला नवगछिया को पूर्ण जिले का दर्जा देने की मांग को लेकर राजद ने आंदोलन तेज कर दिया है।
भागलपुर। पुलिस जिला नवगछिया को पूर्ण जिले का दर्जा देने की मांग को लेकर राजद ने आंदोलन तेज कर दिया है। इसके लिए रणनीति तैयार की है। राजद 14 मार्च को रंगरा से नारायणपुर तक 36 किलोमीटर पैदल मार्च करेगी। यह जानकारी सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कही।
सांसद ने कहा कि नवगछिया अनुमंडल का गठन 1972 में हुआ था। बढ़ते अपराध को देखते हुए 1992 में तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने इसे पुलिस जिला बनाया। सांसद ने कहा कि नवगछिया में सात प्रखंड है। थाना और ओपी 11 है। राजस्व ग्राम 181 है। इसके बाद भी राज्य सरकार इसे पूर्ण जिले का दर्जा नहीं दे रही है। नवगछिया से भी कई छोटे अनुमंडल को जिला का दर्जा दिया गया है। जिला नहीं बनने से नवगछिया का विकास अवरुद्ध पड़ा हुआ है।
पूर्ण जिले की दर्जा की मांग को लेकर 14 मार्च को रंगरा से नारायणपुर तक 36 किमी पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद सभी प्रखंड मुख्यालय में धरना प्रदर्शन और पैदल यात्रा होगी। अनुमंडल मुख्यालय पर सभा और भूख हड़ताल भी किया जाएगा। इसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित प्रदेश के कई नेता शामिल होंगे। इस मौके पर राजद जिलाध्यक्ष तिरुपति नाथ यादव सहित अन्य कार्यकर्ता थे।