सदर अस्पताल में महिला कैदी के बच्चे की मौत
महिला मंडल कारा में बंद कैदी सुमन देवी के नवजात बच्चे की सदर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
भागलपुर। महिला मंडल कारा में बंद कैदी सुमन देवी के नवजात बच्चे की सदर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घर से किसी के नहीं आने पर जेल प्रशासन की ओर से बच्चे का अंतिम संस्कार करा दिया गया।
बाथ थाना क्षेत्र के उंचा गांव निवासी सुमन और उसका पति गोविंद कुमार जानलेवा हमले के आरोप में जेल में हैं। प्रसव वेदना होने पर सुमन को 16 मई को जेल से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुमन ने लड़के को जन्म दिया। प्रसव के बाद उसे महिला मंडल कारा वापस लाया गया था। जेल से उसे 21 मई को टीका के लिए बच्चे के साथ अस्पताल लाया गया था। वहां से जेल वापसी के बाद 25 मई को बच्चे की तबियत बिगड़ने पर उसे अस्पताल लाकर निक्कू वार्ड में भर्ती कराया गया था। जहां 26 की देर शाम बच्चे ने दम तोड़ दिया।
जेल अधीक्षक संजय कुमार चौधरी के अनुसार सुमन पहले से ही मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है। बच्चे की मौत के बाद घर वालों को सूचना दी गई, लेकिन किसी के नहीं आने पर बुधवार को बच्चे के शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया। मालूम हो कि उंचा गांव निवासी सुमन देवी पर बाथ थाने में जानलेवा हमला समेत अन्य गंभीर आरोप में केस दर्ज है। वर्तमान में पति और पत्नी दोनों जेल में हैं।