इंटर परीक्षा : इस प्रकार करें अंग्रेजी में बेहतर अंक प्राप्त, जानिए... विशेषज्ञ की राय Bhagalpur News
तीन फरवरी से इंटर की परीक्षा शुरू हो रही है। छात्रों को बेहतर तैयारी करने के लिए विशेषज्ञ कुछ सलाह भी दे रहे हैं। आइए... अंग्रेजी विषय पर आप कैसे बेहतर अंक प्राप्त करें जानिए...
भागलपुर, जेएनएन। बिहार बोर्ड की इंटर परीक्षा में अंग्रेजी विषय में अच्छा अंक हासिल करना कठिन नहीं है। कम से कम बीते पांच वर्षो के प्रश्नों को इकट्ठा करें। पूछे गए वस्तुनिष्ठ प्रश्नों को अच्छी तरह तैयार कर लें। इसके साथ ही ग्रामर का खूब अभ्यास करें। ऐसा कर 70 फीसद तक अंक हासिल किया जा सकता है।
प्रश्न पत्र के पैटर्न में आए बदलाव को भी समझना जरूरी है। ताकि उत्तर देने में परेशानी न हो। ये बातें दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम करियर गाइड आए बालिका इंटर विद्यालय सबौर के अंग्रेजी शिक्षक सुबोध मालाकार ने कही। इस दौरान उन्होंने फोन के माध्यम से छात्र-छात्राओं के सवालों का भी जवाब दिया।
अंग्रेजी के सौ अंकों की परीक्षा में किस-किस तरह के प्रश्न पूछे जाते हैं। - अनमोल रतन, कटिहार
-अंग्रेजी की परीक्षा कुल 100 नंबर की होती है। इसमें 60 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाते हैं। इनमें 50 प्रश्नों का जबाव देना होता है। 30 सवाल ग्रामर से और 20 सवाल लिटरेचर से होते हैं। इसके अलावा सात प्रश्न सब्जेटिव होते हैं। जो कुल 50 अंकों का होता है।
अब समय कम है बेहतर अंक के लिए अंग्रेजी की तैयारी कैसे करें। - राजा झा, सबौर
- कम समय में बेहतर अंक के लिए आप ज्यादा से ज्यादा वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की तैयारी कर लें। लघुउत्तरीय प्रश्नों के लिए कहानी या कविता दोनों पार्ट में से आपको जो सहज लगे उसकी तैयारी कर लें। फिर बेहतर ढंग से सोच समझ कर उत्तर लिखेंगे तो आप सफल हो जाएंगे।
अंग्रेजी काफी कमजोर है। कम समय में कैसे तैयारी करें, ताकि उत्तीर्ण हो जाएं। - बिट्टू पांडेय, सबौर
- बीते 10 वर्षो का प्रश्न जमा करें। उसमें पूछे गए वस्तुनिष्ठ प्रश्नों का उत्तर पूरी तरह याद करे लें। उसका निरंतर अभ्यास भी करें। परीक्षा से घबराए नहीं। पूरे आत्मविश्वास के साथ 60 प्रश्नों में से 50 का जबाव लिखे। सफलता अवश्य मिलेगी।
कैसे करें अंग्रेजी विषय की तैयारी। - नेहा कुमारी, सुल्तानपुर भिट्टी
-अंग्रेजी की बेहतर तैयारी के लिए कहानी और कविता दोनों का गहन अध्ययन करना होगा। इसके लिए कठोर परिश्रम की जरूरत है। वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के अलावा आप लेख, एक्सप्लानेशन, लेटर राइटिंग, संक्षेपण आदि का भी अभ्यास करें। उत्तर लिखने के क्रम में ओवरराइटिंग न करें।
प्रश्नों का उत्तर लिखने में किन-किन बातों का ध्यान रखने की जरूरत है। - रविंद्र, सुल्तानगंज
-प्रश्नों का उत्तर लिखने वक्त इस बात का ख्याल रखें कि वह प्रश्न कितने अंकों का है। अंकों के हिसाब से ही जबाव को विस्तार दें। लेटर लिखने में उसके फोरमेट का ख्याल रखें। पैराग्राफ का उत्तर अपने दिमाग से लिखे।
यूं होगा प्रश्न का प्रारूप
विषय : लैंग्वेज एंड लिटरेचर
कुल प्राप्तांक : 100 अंक
1. वस्तुनिष्ठ प्रश्न-60
उत्तर देना है 50 प्रश्नों का। यह 50 अंकों का होगा। सभी प्रश्न ग्रामर और लिटरेचर से पूछे जाएंगे।
2. सब्जेक्टिव में अलग-अलग अंकों के सात प्रश्न होंगे। इसके लिए कुल 50 अंक निर्धारित है
इन सात प्रश्नों में
लेख - 8 अंक
एक्सप्लानेशन प्रोज (कहानी) से - 4 अंक
पोएट्री (कविता) से - 4 अंक
लेटर राइटिंग - 5 अंक
इसके अलावा दो-दो अंकों के 10 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें से पांच प्रश्नों का जबाव देना है। तीन-तीन अंकों के आठ प्रश्न होंगे। इनमें तीन प्रश्नों का जबाव देना है। चार अंकों का कंप्रीहेंसन या संक्षेपण पूछा जाएगा।