गणपति बप्पा मोरिया : प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटे कलाकार, तैयारियों में जुटे युवा Bhagalpur News
भागलपुर में गणेश पूजा की तैयारी शुरू हो गई है। पंडाल बनाए जा रहे हैं। मंदिरों को भी सजाया जा रहा है। गणेश चतुर्थी को पूजा होगी।
भागलपुर [जेएनएन]। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रथम पूजनीय गणेश पूजा की तैयारियां जोरों पर है। सोनापट्टी, जोगसर, कुतुबगंज, मोहदीनगर, बड़ी खंजरपुर, सराय, भीखनपुर, बरारी, मिरजानहाट, सबौर एवं नाथनगर सहित विभिन्न जगहों पर पूजा पंडालों को सजाया संवारा जा रहा है। सोनापट्टी में मूर्तिकार रंजीत पंडित प्रतिमा को अंतिम रूप देने में लगे थे। कई प्रतिमाएं बिल्कुल तैयार है। उसे सुखाकर रंग रोगन किया जा रहा है।
बता दें कि गणेश चतुर्थी दो सितंबर को भगवान गणेश की जयंती के रूप में मनाई जाती है। सुबह साढ़े आठ बजे के बाद प्रतिमा स्थापित करने का शुभ मुहूर्त है। इनकी पूजा ज्ञान, समृद्धि और सौभाग्य के देवता के रूप में किया जाता है। पंडित चंद्रशेखर झा ने कहा कि भगवान गणेश का जन्म भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष के दौरान हुआ था। लोगों में गणेश उत्सव को लेकर अभी से उत्साह देखा जा रहा है। बच्चों में विशेष खुशी है। छोटे-बड़े बच्चों की टोलियां को शहर चंदा करते देखा जा रहा है। इस पावन मौके पर शहर और गांवों के चौक चौराहों व मोहल्लों के अलावा कई घरों में गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाती है। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी कई जगह तैयारियां चल रही है। पूजन सामग्रियों की दुकानों में भी रौनक बढ़ गई है।