दहेज लोभियों ने गर्भवती को भी नहीं छोड़ा, कुछ इस तरह उतार दिया मौत के घाट, किया था प्रेम विवाह Lakhisarai News
एक युवती को प्रेम विवाह करना भारी पड़ गया। प्रेम प्रसंग के दौरान सातों जन्म तक साथ जीने और मरने की कसमें खाने वाले उसके पति ने ही उसकी हत्या कर दी। उसका पति दहेज की मांग करता था।
लखीसराय, जेएनएन। लखीसराय थाना क्षेत्र के विद्यापीठ चौक के पास एक किराए के मकान में रह रहे एक युवक ने अपनी पत्नी की फांसी लगाकर हत्या कर दी है। पुलिस ने महिला का शव बरामद करने के साथ ही दहेज हत्या के आरोप में पति सुपुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। महिला संजू कुमारी के पिता सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के रतनुपुर निवासी संजय साव के बयान पर पुलिस ने महिला के पति के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार विद्यापीठ चौक स्थित रामवरण सिंह के मकान में महिला संजू अपने पति के साथ किराए के मकान में रहती थी। महिला के पिता ने बताया कि उसे सुपुल ने संजू के बीमार होने की जानकारी दी। जब तक वे लोग पहुंचे तो संजू मृत पड़ी थी। उसके गले में गहरा काला निशान बना हुआ था।
सूचना पर लखीसराय थाना की पुलिस पहुंची और सुपुल को गिरफ्तार कर लिया। मृत महिला के पिता ने दहेज में जमीन और बाइक मांगने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। छह माह पहले सुपुल और संजू ने प्रेम विवाह किया था। संजू गभर्वती थी। पति विद्यापीठ चौक के पास ही चाउमीन, एग रॉल सहित अन्य फास्ट फूड सामग्री का ठेला लगाता था।