Police driver assassination : लूट के लिए हुई थी चालक अफसार की हत्या, एक और अभियुक्त गिरफ्तार
Police driver assassination 10 सितंबर की रात अफसार की हत्या हुई थी। सफी अहमद उर्फ गोलू की निशानदेही पर दाऊद वाट से विकास पासवान उर्फ परिया पासवान दबोचा गया। अभी कुछ आरोपित पकड़ नहीं गए हैं। पुलिस छापेमारी कर रही है।
भागलपुर, जेएनएन। हबीबपुर थाने के चालक शेख अफसार की हत्या लूट के लिए किया गया था। गिरफ्तार सफी अहमद उर्फ गोलू की निशानेदही पर सुबह विकास पासवान उर्फ परिया पासवान दबोच लिया गया। परिया को हबीबपुर के दाऊद वाट इलाके से गिरफ्तार किया गया। दोनों की गिरफ्तारी को लेकर गुरुवार को सिटी एसपी एसके सरोज, सिटी एएसपी पूरन कुमार झा ने पत्रकारों को जानकारी दी। तातारपुर थाने में दोनों गिरफ्तार आरोपितों को सामने लाया। दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। सफी के पास बुधवार को ही चालक अफसार से लूटा गया मोबाइल और बाइक के खोले गए कल-पुर्जे बरामद कर लिया गया था। दोनों ने टीम को चालक की हत्या में शामिल दो अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए कजरैली, हबीबपुर, मधुसूदनपुर पुलिस को संयुक्त रूप से छापेमारी के लिए भेजा गया है। पुलिस की यह बड़ी सफलता मानी जा रही है।
लूट में दिया गया हत्या को अंजाम, बदल जाएगी धारा
सिटी एसपी एसके सरोज ने बताया कि दोनों ने पूछताछ में कबूल किया है कि लूट के दौरान हत्या को अंजाम दिया गया था। पुलिस की दबिश से गोलू ने बाइक के कल-पुर्जे खोल छिपा दिया था। मोबाइल से उसकी और विकास उर्फ परिया से बातचीत की डिटेल जानने के बाद पुलिस तेजी से छापेमारी की और दोनों दबोच लिए गए। अबतक बप्पी, सफी और विकास की गिरफ्तारी हो चुकी है। दो अन्य फरार हैं। पांच बदमाशों की संलिप्तता केस को सड़क डकैती में तब्दील कर दिया है। सिटी एसपी ने कजरैली थानाध्यक्ष पंकज कुमार को केस की धारा में तब्दीली का निर्देश दिया है।
बाइपास एरिया में सक्रिय हैं जरायम पेशेवर, तगड़ा है उनका नेटवर्क
हबीबपुर, हुसैनपुर, करोड़ी बाजार, गोड्डी बादरपुर, पिस्ता, कजरैली, गौराचौकी, अलीगंज महेशपुर, नाथनगर के शातिर बाइपास एरिया में लूटपाट में सक्रिय हैं। बैंककर्मी से लूट, मवेशी व्यापारियों से लूट समेत आधा दर्जन वारदात हाल में बाइपास एरिया में हुए। ट्रक-ट्रैक्टर चालकों से लूट के कई मामले तो थानों में दर्ज ही नहीं हुए। ऐसे आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों की सक्रियता बाइपास एरिया में हाल में बढ़ गई है। बदमाशों के लिए सुरक्षित ठिकाने भी वहां इतने हैं कि यदि पुलिस तुरंत चाहे तो उन्हें ढूंढ निकालना भी संभव नहीं। वारदात को अंजाम दे झट सुरक्षित ठिकाने में छिप जाते हैं। इलाके के सक्रिय बदमाश
तेलकट्टी, छिनतई और रंगदारी वसूली में गिरोह के दर्जनों लड़के लगा रखे हैं। जो बड़े टैंकर से तेल निकालने, ट्रक-ट्रैक्टर चालकों, मवेशी लेकर जाने वाले व्यापारियों से रंगदारी वसूलते हैं। शेख अफसार ऐसे ही बदमाशों के सामने आ गया। बाइक लूट रहे बदमाशों से हाथापाई में ही उसे गोली मार दी गई और बदमाश बाइक, मोबाइल, पर्स आदि ले भागे।