Coronavirus effect : बिना मास्क पहन दुकानदारी करना पड़ा महंगा, पुलिस ने की कार्रवाई
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए खगडि़या पुलिस ने सख्ती दिखाई शुरू कर दी है। मास्क नहीं पहनने वालों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके लिए शहरों से लेकर गांवों तक अभियान चलाया जा रहा है।
खगड़िया, जेएनएन। कोरोना को लेकर आमलोगों में एक प्रकार की लापरवाही उत्पन्न हो गई है। बिना मास्क लोग हाट-बाजार कर रहे हैं। इतना ही नहीं कहीं भी शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा है। ऐसे में अब पुलिस-प्रशासन सड़कों पर उतर कर मास्क को लेकर अभियान चला रहा है। अभियान का असर भी पड़ रहा है। शहरों से लेकर ग्रामीण बाजारों तक मास्क को लेकर अभियान संचालित किया जा रहा है। गोगरी एसडीओ सुभाषचंद्र मंडल ने बताया कि तीन दिसंबर तक अभियान जारी रहेगा। बीते मंगलवार को ही गोगरी अनुमंडल क्षेत्र में 112 लोगों को से 5600 रुपये फाइन किए गए। खगड़िया शहर में एसडीओ धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। बिना मास्क पहने दुकानदारी कर रहे तीन दुकानों को सील कर दिया गया। एसडीओ धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि तीनों दुकानदारों पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। बिना मास्क पहने दुकानदारी करने वाले, हाट-बाजार घूमने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। खगड़िया और गोगरी एसडीओ ने लोगों से मास्क लगाने की अपील की है।
पुलिस प्रशासन की ओर से बिना मास्क पहन घूमने वालों से न सिर्फ फाइन किया जाता है बल्कि उन्हें मास्क पहने को लेकर प्रेरित भी किया जाता है। कोरोना को लेकर अब विशेष सतर्क रहने की जरूरत है।
लापरवाही सेहत के लिए ठीक नहीं
सदर पीएचसी के चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार कहते हैं- ठंड बढ़ने के साथ कोरोना के बढ़ने की आशंका है। इसलिए अब ज्यादा सावधानी बरतने की आवश्यकता है। कोरोना से सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय सावधानी है। इस बीच लोगों में लापरवाही आई है, जो सेहत के लिए ठीक नहीं है। अनावश्यक घरों से नहीं निकलें। मास्क लगाकर निकलें और शारीरिक दूरी का हर हाल में पालन करें। संदेह होने पर जांच कराएं।अब सदर अस्पताल से लेकर हर पीएचसी में जांच की सुविधा उपलब्ध है। जांच रिपोर्ट भी तुरंत मिल जाती है। सिर्फ सदर पीएचसी में प्रतिदिन औसतन पांच सौ के आसपास जांच होती है।