Bihar: भागलपुर में प्लॉटर की हत्या कर छत से फेंका, हत्यारोपियों ने रची झूठी कहानी
भागलपुर में प्लॉटर रविशंकर सिन्हा की हत्या कर दी गई है। हत्या के बाद बचने के लिए हत्या आरोपित ने झूठी कहानी रची। मृतक के पुत्र ने बरारी कैंप थाने में दर्ज कराए फर्द बयान में दीपा देवी यादव और उसके पति सुभाकर यादव को नामजद आरोपित बनाया है।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। मोजाहिदपुर थानाक्षेत्र के छत्रपति पोखर इलाके में प्लॉटर रविशंकर सिन्हा की हत्या कर दी गई। हत्या दीपा देवी यादव के किराए वाले मकान की छत पर कठोर हथियार से हमला कर किया गया फिर सिन्हा को छत से नीचे फेंक दिया गया। घटना की जानकारी पर सिन्हा के पुत्र सौरभ दीपा के घर पहुंचा तो वह उसके पति सुभाकर यादव और दीपा ने बताया कि छत से गिरकर जख्मी हो गया है। आनन-फानन में सिंह को लोकनायक जेपी सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल मायागंज लाया गया। जहां उपचार के दौरान सिन्हा ने मंगलवार की रात दम तोड़ दिया।
पुत्र ने दीपा और उसके पति सुभाकर यादव को बनाया हत्यारोपित
मृतक के पुत्र सौरभ कुमार ने बरारी कैंप थाने में दर्ज कराए फर्द बयान में दीपा देवी यादव और उसके पति सुभाकर यादव को नामजद आरोपित बनाया है। पुत्र का दावा है कि उसके पिता को मोबाइल पर फोन कर छत्रपति पोखर स्थित रूपेश सिंह के किराए के मकान में अपने कमरे पर मंगलवार को बुलाया था। मूल रूप से मुंगेर खड़गपुर लछमीपुर निवासी दीपा और उसके पति से शिवशंकर का लेनदेन का विवाद चल रहा था। शिवशंकर भी खगड़िया जिले के गोगरी जमालपुर के भोजुआ गांव का रहने वाला था। इशाकचक के शिवपुरी कॉलोनी में संजू वर्मा के यहां किराए का कमरा लेकर रहता था।
मृतक के पुत्र ने फ़रद बयान में कहा है कि मंगलवार को उसके पिता के पास दीपा का फोन आया था। उसके पिता कि 40 हजार नकद जेब मे लेकर घर से निकल गए थे। उनके पास गले में सोने की चेन और उंगली में सोने की अंगूठी थी। कुछ देर बाद जब पिता को फोन किया तो उनका मोबाइल बंद मिला। आशंका हुई तो दीपा के यहां गया चुकी उसी ने फोन कर बुलाया था। उसके घर जाने पर उसने बताया कि उसके पिता छत से गिर गए हैं। मृतक के पुत्र ने दावा किया कि उसके पिता की हत्या दीपा और उसके पति सुभाकर ने कठोर हथियार से जख्मी कर छत से फेंक कर किया है। उन्हीं लोगों ने नकद 40 हजार, सोने की चेन और अंगूठी भी ले लिया है। बरारी कैंप पुलिस ने फर्द बयान बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए नौलखा कोठी भेज दिया है। इधर मृतक की पुत्री जिला लोजपा महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष बबली देवी ने घटना में शामिल दोनों आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग एसएसपी से की है।