दारोगा की पिस्टल चुराने के बाद चोर खुद हो गया घायल, नाटकीय अंदाज में इस तरह स्वीकारा जुर्म
अररिया के एक दारोगा की चोरी हुई पिस्टल नाटकीय अंदाज में बरामद हो गई। चोर खुद उस पिस्टल की गोली से घायल हो गया। उसके बाद मामला इस प्रकार उजागर हुआ।
अररिया, जेएनएन। फारबिसगंज थाना के दारोगा बिमल कुमार मंडल की चोरी हुई पिस्टल पुलिस ने नाटकीय अंदाज में अनुमंडल अस्पताल के समीप झाड़ी से बरामद कर लिया। जिस पिस्टल एवं चोर को ढूढ़ने में पुलिस महकमा रात दिन एक किये हुए थी। वह चोर खुद पिस्टल की गोली से घायल होकर सामने आ गया। संदेह होने के बाद जब डीएसपी मनोज कुमार ने अनुमंडल अस्पताल में घायल युवक से कड़ाई से पूछताछ की तो घटना का परत दर परत खुलता चला गया। पहले तो घायल युवक एवं उसके मित्र पुलिस को मनगढ़ंत कहानी बनाकर गुमराह करती रही, लेकिन कड़ाई से पूछताछ व घायल युवक के निशानदेही पर पिस्टल के साथ तीन गोली व फायरिंग के बाद खोखे को भी बरामद कर लिया गया। विदित हो 26 जुलाई को पिस्टल दारोगा के आवास से चोरी हुई थी।
कैसे मिली पुलिस का सफलता
रविवार की दोपहर अनुमंडल अस्पताल में गोली से घायल युवक विकास पासवान पिता अशोक पासवान वार्ड नं नौ पावर हाउस निवासी पहुंचा। युवक के बायीं जांघ में गोली लगी थी। युवक को सिटी रिक्शा से उसके दो मित्र मो. अफरोज पिता मो. फिरोज एवं इरशाद उर्फ माइकल अंसारी पिता अंसारुल हक दोनो निवासी कॉलेज चौक नहर के समीप इलाज के लिए लेकर पहुंचे थे। सूचना पर पुलिस ने जब तहकीकात की तो घायल व उसके मित्र ने बताया कि तीन अपराधी बाइक से आए और उसे सायरा नगर के पास गोली मारकर भाग गए। युवक के बाएं जांघ में जिस तरिके से गोली लगी थी उससे पुलिस को उसकी बातों पर संदेह हुआ। मौके पर पहुंचे डीएसपी मनोज कुमार ने जब कड़ाई दिखाई तो युवकों ने गोली लगने का घटनास्थल कई बार बदला। आखिर पुलिस के ज्यादा कड़ाई के बाद युवकों के निशानदेही पर अनुमंडल अस्पताल के समीप झाड़ी से पुलिस ने दारोगा की चोरी हुई पिस्टल बरामद कर लिया। वहीं घायल युवक के पैकेट से दो जिंदा कारतूस भी बरामद कर किया गया।
पिस्टल बरामद होने की सूचना पर फारबिसगंज पहुंची एसपी धूरत शायली
पिस्टल बरामद होने की जानकारी जैसे ही पुलिस महकमे में हुआ हड़कंप मच गया। अररिया एसपी धूरत शायली फारबिसगंज पहुंच गई। एसपी के नेतृत्व में डीएसपी मनोज कुमार व तीन थाना की पुलिस ने लगभग आधे दर्जन स्थानों पर छापेमारी की। ढोलबज्जा के संथाली टोला वार्ड संख्या 8 स्थित सिंह जी मरांडी के आवास में छापेमारी में पुलिस ने एक जिंदा कारतूस व एक खोखा बरामद किया। आवास से पुलिस ने देशी शराब व एक स्कूटी को भी बरामद किया है। वहीं पुलिस ने गृह स्वामी सिंहजी मरांडी एवं उसके पुत्र चंदेल मरांडी को भी हिरासत में ले लिया है। मामले में बताया जाता है कि पहले युवकों के द्वारा उक्त आवास में शराब का सेवन किया गया। इसके बाद नशे में युवकों के द्वारा गोली चल गई और युवक विकास के बाएं जांघ में लग गई। गोली लगने के बाद युवकों ने मनगढंत कहानी बनाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंच गए। समाचार प्रेषण तक पुलिस उक्त आवास में गहन तलाशीअभियान चला रही है। एसपी धूरत शायली ने तहकीकात पूरी होने के बाद ही कुछ भी बताने की बात कही।
घायल युवक की निशानदेही पर पिस्टल व कारतूस बरामद की गई है। विभिन्न बिन्दुओं पर अनुसंधान किया जा रहा है। पूरी जांच के बाद पिस्टल चोरी की घटना की जानकारी दी जाएगी। - मनोज कुमार, डीएसपी फारबिसगंज।