मारवाड़ी समाज के लोगों ने की गोगा महाराज की पूजा, मांगे यह आशीर्वाद
भागलपुर के लहेरी टोला और चुनिहारी टोला मारवाड़ी पट्टी की महिलाओं ने गोगा नवमी का व्रत रख कुल देवता से सुख शांति और समृद्धि की कामना की।
भागलपुर, जेएनएन। राजस्थानी मारवाड़ी समाज के लोगों ने गुरुवार को भाद्र मास की नवमी तिथि कृष्ण पक्ष के पावन मौके पर अपने कुल देवता गोगा महाराज की विधि विधान के साथ पूजन किया। लहेरी टोला और चुनिहारी टोला मारवाड़ी पट्टी की महिलाओं ने गोगा नवमी का व्रत रख कुल देवता से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
हर घर में लोगों ने कच्ची मिट्टी की गोगा महाराज की प्रतिमा को पुराने प्रतिमा को वहां से हटा कर स्थापित की। रोली, चंदन, चावल और नारियल जल से पूजा की। चिल्ला, पूड़ी और खीर का भोग लगाया और कुल देवता से पूरे वर्ष परिवार की जीवन सुरक्षा की कामना की। समाज सेवी चांद झुनझुनवाला ने कहा कि प्राचीन काल से हमारे समाज में इस पूजा की परंपरा रही है। लोग पूरी श्रद्धा के साथ कुल देवता गोगा महाराज की पूजा करते हैं।
क्या कहती है समाज की महिलाएं
मारवाड़ के मारवाड़ी समाज द्वारा गोगा नवमी का व्रत करने की पुरानी परंपरा रही है। पूर्वजों से विरासत में मिली इस धार्मिक परंपरा का पालन हमलोग परिवार की जीवन सुरक्षा के लिए हर वर्ष करते आ रही हूं। -अर्चना देवी कनोडिया
बचपन से परिवार में गोगा पूजा होते देखते आ रही हूं। ससुराल में भी इस संस्कृति का पालन हो रहा है। राजस्थान के मारवाड़ी समाज में गोगा महाराज को रक्षा देव के रूप में भी मान सम्मान दिया जाता है। -कृष्णा काजल हिसारिया
रक्षाबंधन के दिन भाई को पहनाया गया रक्षा सूत्र बहुत पूजित माना जाता है। गोगा नवमी के दिन राखी को उतार कर गोगा महाराज को इस कामना के साथ अॢपत की जाती है कि परिवार की सदैव सुरक्षा करें। -शांता देवी झुनझुनवाला
गोगा नवमी के दिन कुम्हार के यहां से कच्ची मिट्टी की गोगा महाराज की प्रतिमा लाकर हर घर में इनकी पूजा की जाती है। वर्ष भर उक्त प्रतिमा को घर में स्थापित कर रखा जाता है। उनकी कृपा से सभी काम पूर्ण होते हैं। - माया देवी