Bhagalpur Coronavirus News Update: पूर्व बिहार में पांच कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप, भागलपुर में डॉक्टर भी संक्रमित
अब पूर्व बिहार के भागलपुर व बांका में कोरोना ने अपनी दस्तक दे दी है। बुधवार को पूर्व बिहार में पांच कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें भागलपुर में चार तथा बांका में एक शामिल हैं।
भागलपुर, जेएनएन। अब पूर्व बिहार के भागलपुर व बांका में कोरोना ने अपनी दस्तक दे दी है। बुधवार को पूर्व बिहार में पांच कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में कार्यरत एक चिकित्सक समेत जिले में चार कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनके अलावा पड़ोसी जिलों बांका के अमरपुर व गोड्डा के मेहरमा में भी एक-एक कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। बुधवार को इनकी जांच रिपोर्ट आई। वहीं, एक मरीज बांका के रहने वाला है।
बांका और गोड्डा के दोनों संक्रमित जेएलएनएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में पूर्व से भर्ती हैं। ये दोनों मुंबई में काम करते थे। इधर, नवगछिया अनुमंडल के बिहपुर प्रखंड स्थित हरियो (महेशपुर) में एक 19 वर्षीया महिला समेत सन्हौला (महियामा) और सिकंदरपुर में भी एक-एक कोरोना संक्रमित मिले हैं। सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि सन्हौला का पीडि़त भी मुंबई से आया है।
संक्रमित चिकित्सक मेडिसीन विभाग में पीजी के छात्र हैं। वह आपातकालीन और आइसोलेशन विभाग में भी काम कर चुके हैं। इस कारण चिकित्सकों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। कोरोना के जेएलएनएमसीएच के नोडल पदाधिकारी डॉ. हेमशंकर शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। अब अस्पताल के सभी चिकित्सकों को क्वारंटाइन करने की सलाह दी जा रही है।
चिकित्सक के संपर्क में आने वाले अन्य चिकित्सकों व कर्मियों की सूची तैयार की जा रही है। जेएलएनएमसीएच के मेडिसीन विभाग में 27 पीजी स्टूडेंट हैं। इनमें से 12 छात्र अपने-अपने बीबी-बच्चों के साथ रह रहे हैं। अस्पताल अधीक्षक समेत अस्पताल के जिन-जिन चिकित्सकों व कर्मियों के संपर्क में ये आए हैं, उन सभी को क्वारंटाइन किया जा सकता है। इन सभी की जांच भी कराई जाएगी। इतनी बड़ी संख्या में चिकित्सकों व कर्मियों को अगर क्वारंटाइन किया जाता है तो अस्पताल भी बंद हो सकता है। यहां अभी सिर्फ आपातकालीन विभाग और आइसोलेशन वार्ड ही काम कर रहे हैं। जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने बताया कि डोर टू डोर सर्वे का काम चल रहा है। इसी दौरान कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। एहतियातन जो भी काम आवश्यक है, किया जा रहा है।