खगड़ा वाली वाम काली को लोगों ने दी भावभीनी विदाई, हर कोई अंतिम दर्शन को थे बेताब
खगड़ा की वाम काली की महिमा निरानी है। इनके दर्शन पूजन को बड़ी संख्या में भक्तजन शामिल होते हैं। नवगछिया बोरवा धार में देवी को भावभीनी विदाई भक्तों द्वारा की गई। इसके लिए विसर्जन शोभायाञा में बड़ी संख्या में शामिल हुए ।
भागलपुर, जेएनएन। : नवगछिया प्रखंड के खगड़ा गांव में दीपावली की रात मंदिर में स्थापित हुई वाम काली की प्रतिमा का विसर्जन पूरे गांव में नगर भ्रमण करते हुए रविवार को बोड़वा धार में किया गया। सैकड़ों भक्तों ने करीब दो किलोमीटर पैदल चल कर गगनभेदी जयकारों के साथ मां काली को अंतिम विदाई दी। माता के विसर्जन में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे मां काली का विसर्जन बोड़वा धार में किया गया। इसके बाद ही यातायात पूर्ववत हो पाया। विसर्जन जुलूस में भक्त नाचते गाते बोड़वा धार पहुंचे थे। बोड़वा धार में भक्तों ने पहले प्रार्थना पूजा की फिर प्रतिमा का जल में प्रवाहित किया गया।
मालूम हो कि करीब तीन सौ वर्षों से खगड़ा वाम काली मंदिर में प्रतिमा स्थापना के साथ भव्य पूजनोत्सव का आयोजन किया जाता है। यहां पर मां काली की विशाल प्रतिमा का निर्माण किया जाता है और तांत्रिक विधिविधान के साथ पूजा अर्चना की जाती है। इस अवसर पर पूजन समिति द्वारा भव्य मेले का भी आयोजन किया जाता रहा है लेकिन इस वर्ष कोरोना के कारण मेला का आयोजन नहीं हो पाया। मंदिर मेंबली प्रथा के प्रति आज भी यहां के लोगों में विश्वास है। दीपावली की रात से प्रतिमा स्थापना के बाद ही सैकड़ों छाग और कुछ भैंसों की भी बली दी गयी है। इस मौके पर गांव से बाहर रहने वाले लोग भी गांव आ कर पूजनोत्सव में शरीक होते हैं तो लोग अपने कुटुम्ब और संबंधियों को भी काली पूजा में अपने घर बुलाते हैं। मेला का निरीक्षण करने के लिए नवगछिया एसडीपीओ दिलीप कुमार, नवगछिया शिव विश्वास आनंद के साथ समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह उर्फ पूटो सिंह, सचिव विनोद कुमार सिंह, धीरज सिंह, आलोक कुमार सिंह, निर्मल कुमार सिंह, अक्षय कुमार सिंह, सोनू सिंह, प्रशांत सिंह, सहित गांव के देव दुर्लभ कार्यकर्ता मौजूद थे।