खगडिय़ा सदर अस्पताल में मरीज की मौत पर बवाल, डाक्टर समेत अस्पताल कर्मियों की पिटाई
खगड़िया सदर अस्पताल में उपद्रवियों ने अस्पताल में की जमकर तोडफ़ोड़। उपद्रवियों को शांत करने के लिए पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग चार गिरफ्तार। डीएम एसपी व सिविलसर्जन ने वार्ता कर समाप्त कराई क्षुब्ध डाक्टर व कर्मियों की हड़ताल।
जागरण संवाददाता, खगडिय़ा। खगडिय़ा-अलौली पथ पर चातर गांव के समीप गुरुवार को आटो हादसे में जख्मी चीनीलाल यादव की उपचार के दौरान सदर अस्पताल में मौत से आक्रोशित स्वजनों व ग्रामीणों ने जमकर बवाल किया। उपद्रवियों ने अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात डाक्टर व कर्मियों की पिटाई कर दी व अस्पताल का इमरजेंसी गेट व फर्नीचर आदि क्षतिग्रस्त कर दिए। चित्रगुप्तनगर के थानाध्यक्ष संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति नियंत्रित की। पुलिस ने वहां बवाल काट रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जख्मियों में सदर अस्पताल के डा. गुलजीस आलम, एएनएम मिंटू देवी, नूतन देवी व एएनएम की पढ़ाई करने वाली कई छात्राएं शामिल हैं। उपद्रवियों ने अस्पताल कर्मी अतुल कुमार व एक्सरे वार्ड के कर्मी कोहली के साथ भी मारपीट की। पुलिस के बल प्रयोग के बाद कई लोग भाग गए।
घटना से क्षुब्ध चिकित्सक व कर्मी हड़ताल पर चल गए। वे लोग अस्पताल गेट पर धरना पर बैठ गए। इससे अस्पताल के इमरजेंसी व पोस्टमार्टम तक का कार्य घंटों ठप रहा। हड़ताली दोषियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग कर रहे थे। डीएम आलोक रंजन घोष और एसपी अमितेश कुमार के आदेश पर एडीएम शत्रुंजय मिश्रा, मुख्यालय डीएसपी रंजीत सिंंह, सिविल सर्जन अमरनाथ झा आदि ने सदर अस्पताल में हड़तालियों से बातचीत कर हड़ताल समाप्त कराई।
सिविल सर्जन ने बताया कि डा. गुलजीस आलम के बयान पर मृतक चीनीलाल यादव के पुत्र ऋषि कुमार समेत अन्य पर केस दर्ज किया गया है। सदर अस्पताल में तत्काल एक सेक्शन फोर्स उपलब्ध कराया गया है। इस संबंध में अस्पताल कर्मियों ने बताया कि अलौली के हथवन गांव के चीनीलाल यादव को गंभीर हालात में अस्पताल लाया गया था। वहां मौजूद डाक्टर ने आरंभिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया। एंबुलेंस आ गई। इसी बीच जख्मी की मौत हो गई। इससे गुस्साए 15 से 20 युवक हाथों में हेलमेट आदि लेकर डाक्टर और अस्पताल कर्मियों पर हमला कर दिया।
चित्रगुप्तनगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि डा. गुलजीस आलम के बयान पर चार नामजद व 40-50 अज्ञात के खिलाफ केस किया गया है। उनमें से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।