समानांतर पुल व भागलपुर-हंसडीहा एनएच निर्माण की पहल तेज, पथ निर्माण मंत्री ने कहा ईएफसी ने की है अनुशंसा
पथ निर्माण मंत्री ने कहा है कि ईएफसी ने भागलपुर में गंगा नदी पर विक्रमशिला सेतु के समानांतर फोर लेन पुल के निर्माण की अनुशंसा कर दी है।
भागलपुर, जेएनएन। गंगा नदी पर विक्रमशिला सेतु के समानांतर (फोरलेन) पुल और भागलपुर-हंसडीहा एनएच के निर्माण को केंद्र सरकार की हरी झंडी मिल गई है। इस दिशा में विभाग की ओर से कवायद भी शुरू कर दी गई है।
समानांतर पुल का डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) स्वीकृति के लिए मंत्रालय भेजा गया है। लॉकडाउन की वजह से सवा माह से बंद भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू की गई है। पुल निर्माण निगम द्वारा भू-अर्जन विभाग को भूमि अधिग्रहण की राशि आवंटित कर दी गई है। पुल का निर्माण बरारी श्मशान घाट की ओर से होगा। गंगा की मिट्टी की जांच भी हो चुकी है।
भागलपुर-हसडीहा स्टेट हाइवे को एक साल पूर्व एनएच का दर्जा मिल चुका है। 70 किलोमीटर फोरलेन सड़क बनेगा। सर्वे हो चुका है। फोरलेन सड़क के लिए तकरीबन 100 एकड़ भूमि अधिग्रहण की जाएगी। रजौन, पुनसिया, ढाकामोड़, बाराहाट समेत कई जगहों में गोलंबर बनेगा। पर्यावरण की दृष्टिकोण से सड़क के दोनों ने पौधारोपण होगा। पक्की डिवाइडर बनेगा। एनएच विभाग के मुख्य अभियंता अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि समानांतर पुल और भागलपुर-हंसडीहा एनएच निर्माण की दिशा में पहल शुरू कर दी गई है।
भागलपुर में विक्रमशिला पुल के समानांतर पुल को केंद्र की हरी झंडी
बिहार के पथ निर्माण मंत्री श्री नंद किशोर यादव ने कहा है कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवम राज मार्ग मंत्रालय के स्तर पर विभागीय एक्सपेंडिचर फाइनेंस समिति (ईएफसी) ने भागलपुर में गंगा नदी पर विक्रमशिला सेतु के समानांतर फोर लेन पुल के निर्माण की अनुशंसा कर दी है। इसके निर्माण पर 1116.72 करोड़ रुपये के व्यय का अनुमान है। चार साल में पुल का निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
श्री यादव ने आज यहां बताया कि 4.367 किमी लंबे इस पुल में 68 पाये होंगे। पुल के निर्माण के लिए 21.3 हेक्टेयर भूमि की जरूरत होगी। 2.2 हेक्टेयर सरकारी भू खंड उपलब्ध है। शेष 19.1 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण राज्य सरकार अपने कोष से करेगी। इसके लिए 51 करोड़ की राशि भागलपुर के समाहर्ता को उपलब्ध करा दी गयी है। प्रस्तावित पुल के नीचे पानी का जहाज निकल जाए इसके लिए इनलैंड वाटरवेज अथार्टी ऑफ इंडिया की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त चौड़ा स्पेस दिया जायेगा।
श्री यादव ने बताया कि प्रस्तावित 4 लेन पुल वर्तमान विक्रमशिला पुल के पूरब बनेगा। इसके लिए नवगछिया से भागलपुर पथाअंश का भारत सरकार द्वारा नया नेशनल हाईवे संख्या 131(बी ) के रूप में अधिसूचित किया गया है। इसके साथ ही सड़क एवम परिवहन मंत्रालय ने भागलपुर से हंसडीहा पथ को भी राष्ट्रीय राज मार्ग के रूप में अधिसूचित किया है। इस प्रकार नवगछिया से भागलपुर होते हुए झारखंड की सीमा तक नया राष्ट्रीय राजमार्ग बनेगा और 4 लेन पुल का निर्माण होगा। इस पल के बन जाने से उत्तर बिहार के सीमांचल का झारखंड के साथ सड़क संपर्क तो सुगम होगा ही, पश्चिम बंगाल के साथ भी कनेक्टिविटी बढ़ेगी । पुल की निविदा के एक माह में प्रकाशित होने की उम्मीद है।
पुल निर्माण की मंजूरी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री यादव ने इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी के प्रति आभार प्रकट किया है। जनवरी 2018 में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने भी श्री गडकरी के साथ हुई बैठक में इस पुल के निर्माण की मांग की थी।