पूजा कराने गए पंडित को ईंट-पत्थर से कूचकर मार डाला
निवास झा जबटोली गांव में तेजा राय के यहां मड़वा की पूजा कराने के लिए गया हुआ था। वहीं से लौटने के क्रम में इमली गांव के पास उसकी हत्या कर दी गई।
भागलपुर [जेएनएन]। परबत्ता थाना क्षेत्र के साहू परबत्ता चाय टोला निवासी पंडित निवास झा के 24 वर्षीय पुत्र गोपाल झा की ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। उसके शरीर पर धारदार हथियार से भी वार के निशान मिले हैं।
पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। परवत्ता पुलिस ने बताया कि 1.00 बजे रात में स्थानीय लोगों ने जानकारी दी कि कोई घायल अवस्था में युवक तड़प रहा है। मौके पर पहुंचने से पूर्व ही युवक ने दम तोड़ दिया था।
जानकारी के अनुसार निवास झा का पुत्र गोपाल झा पूजा पाठ कराकर अपने पिता का हाथ बंटाता था। बताया जाता है कि वह जबटोली गांव में तेजा राय के यहां मड़वा की पूजा कराने के लिए गया हुआ था। वहीं से लौटने के क्रम में इमली गांव के पास उसकी हत्या कर दी गई। परिजन का कहना था कि रात में जिस व्यक्ति के साथ वह लौट रहा था उसी ने वारदात को अंजाम दिया है। मृतक का मोबाइल एवं घर की चाबी भी गायब है। मृतक के माता-पिता अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शनिवार को शामिल होने के लिए गए हुए थे। गोपाल घर पर अकेला था। घर से पूजा कराने के लिए गया था। वहीं से वापस आने के दौरान उनके साथ घटना हुई है। वहीं इस घटना को लेकर के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मातृत्व दिवस पर मिली पुत्र की हत्या की खबर
मातृत्व दिवस पर अपने इकलौते पुत्र गोपाल की हत्या की जानकारी मिलते ही माता रंजना देवी बेसुध हो गई। उन्होंने कहा कि हमलोगों की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। फिर मेरे पुत्र को किसी ने क्यों मारा। मेरे इकलौते पुत्र ने किसी का क्या बिगाड़ा था। वहीं इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। भिक्षाटन कर पुत्र को किसी तरह पढ़ाया-लिखाया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप