कृषि बिल के खिलाफ सड़कों पर उतरे विपक्षी पार्टी, राजद, जाप ने जगह-जगह किया धरना-प्रदर्शन
केंद्र सरकार के नए कृषि विधेयक के विरोध में पूर्व बिहार सीमांचल और कोसी में किसान संठगन व विपक्षी दल सड़कों पर उतरे। भागलपुर में राजद कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। नए कृषि विधेयक के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन सहित 31 संगठनों ने चक्का जाम की घोषणा की है।
भागलपुर, जेएनएन। केंद्र सरकार के नए कृषि विधेयक के विरोध में भागलपुर, पूर्व बिहार, सीमांचल और कोसी में विपक्षी दल शुक्रवार को सड़क पर उतर गए हैं। इस दौरान भागलपुर में राजद कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। किसानों के लिए केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के लाए गए नए कृषि विधेयक के विरोध में भारतीय किसान यूनियन सहित 31 विभिन्न संगठनों ने शुक्रवार को पूरे देश में चक्का जाम की घोषणा की है। उन्हें कांग्रेस, आरजेडी, जन अधिकार पार्टी और वामपंथी दलों का समर्थन प्राप्त है।
कृषि बिल के खिलाफ राजद का प्रदर्शन
कृषि बिल के खिलाफ राजद कार्यकर्ताओं ने भागलपुर समाहरणालय गेट के समक्ष प्रदर्शन किया। राजद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एक मांग पत्र डीडीसी सुनील कुमार को सौंपा। राजद नेताओं का कहना है कि संसद में किसान विरोधी कृषि बिल पारित होने व एमएसपी बंद कर देने से थोक व गल्ला बिक्री पर सरकार का एकाधिकार स्थापित हो गया है। जिसका परिणाम यह हुआ कि बिहार के कुल खाद्यान्न लक्ष्य का एक फीसद भी खाद्यान्न की खरीद नहीं हो सका है। यदि एमएसपी एक्ट में संशोधन से किसानों को लाभ मिलता तो बिहार के किसानों की संपन्नता दिखाई पड़ती। जबकि 2006 के बाद बिहार के किसानों की स्थिति काफी बदतर हो गई है। किसान और कृषि कार्य से जुड़े मजदूर गांव छोड़कर बड़ी संख्या में रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। लालू राबड़ी के गरीब राज में किसानों को प्रति बीघा मालगुजारी मात्र तीन से पांच रुपये देने होते थे। वहीं, भाजपा जदयू सरकार में यह राशि बढ़ाकर 300 से 500 कर दी गई। जो सीधे किसानों के सीने पर बुलडोजर चलाने जैसा है। भगालपुर में प्रदर्शन में राजद जिलाध्यक्ष चंददशेखर यादव, प्रदेश सचिव डॉ तिरुपतिनाथ यादव, प्रदेश महासचिव डॉ. चक्रपाणि हिमांशु, जिला महासचिव अमर यादव, संजू यादव, सचिदानंद यादव, प्रवीण यादव, मु. सहाबुद्दीन आदि शामिल थे।
जमुई में जाप ने किया प्रदर्शन
जमुई के किसान संगठन के समर्थन में जन अधिकारी पार्टी के कार्यकर्ता भी सड़क पर उतरे। कचहरी चौक को पूरी तरह किया जाम। सरकार विरोधी लगा रहे हैं नारा। प्रदर्शनकारियों ने बिल को वापस लेने की मांग की।
ट्रैक्टर चलाकर विधायक ने किया बिल का विरोध
कृषि विधेयक के विरोध में राजद ने जमुई में धरना दिया। ट्रैक्टर पर सवार होकर विरोध करने पहुंचे जमुई के राजद विधायक विजय प्रकाश।
मुंगेर में कृषि बिल के खिलाफ विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। एसयूसीआइ कार्यकर्ताओं ने संग्रामपुर में तारापुर देवघर मार्ग को जाम कर दिया। वहीं, राजद ने भी कृषि बिल के खिलाफ प्रदर्शन किया। दूसरी ओर सपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। लखीसराय में सूर्यगढ़ा के राजद विधायक प्रह्लाद यादव की अगुवाई में तमाम विपक्षी दल शहर के शहीद द्वार के पास धरना पर बैठे। खगड़िया में कृषि बिल के विरोध में राजनीतिक दल के नेता व कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। खगड़िया में जाप नेता व कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। एनएच 31 के साथ अन्य सड़क को जाम किए।