घास काटने निकली थी अमाजो देवी, डूब गई कतरिया नदी नदी में
भागलपुर के कतरिया नदी में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। वह घास काटने गई थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ। पोस्टमार्टम के पहले कोरोना जांच होगा।
भागलपुर, जेएनएन। लोदीपुर थाना क्षेत्र के माछीपुर कोयला गांव से सटे कतरिया नदी से शुक्रवार की शाम बरामद महिला के शव की पहचान हो गई। शनिवार की अल सुबह आनंदपुर गांव से आए लोगों ने उसकी पहचान गांव के पूरण मंडल की पत्नी अमाजो देवी के रूप में की है। परिजन के मुताबिक अमाजो देवी घास काटने नदी के पास वाले खेत में गई थी। लोदीपुर थानाध्यक्ष लाल बहादुर ने बताया कि परिजन की ओर से थाने में लिखित आवेदन देकर यही जानकारी दी गई है। महिला नदी में कैसे डूबी, कया वह उस दौरान नहाने लगी थी? आदि चंद बिंदुओं पर जांच की जा रही है। परिजन के मुताबिक वह अस्वस्थ भी थी। 70 साल की हो चली थी।
शुक्रवार की शाम को नदी में मछली की शिकारमाही कर रहे मछुआरों ने महिला का शव तैरते देख उसे किनारे लगा कर लोदीपुर पुलिस को सूचना दी थी। लोदीपुर पुलिस शव को बाहर निकलवाया था। उसकी शिनाख्त स्थानीय लोगों से कराने का प्रयास किया था लेकिन शुक्रवार को सफलता नहीं मिली थी। थानाध्यक्ष ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए नौलखा कोठी भेजा था लेकिन कोरोना टेस्ट नहीं कराए जाने के कारण शव का अंत्यपरीक्षण नहीं किया गया था। पुलिस शव को थाना परिसर में ही पहचान के लिए रखा था। जहां शनिवार की सुबह आनंदपुर से परिजनों ने आकर शव की पहचान कर ली।
पुलिस कोरोना टेस्ट बाद अंत्यपरीक्षण कराकर परिजनों को शव सौंपने की प्रक्रिया में लग गई है। स्थानीय लोगों की माने तो कतरिया नदी में पूर्व में भी कई लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। गहराई अधिक होने के कारण नदी में प्रवेश करने वालों को गहराई का अंदाजा नहीं होता और अक्सर लोग डूब जाते हैं।
पोस्टमार्टम के पहले मृत महिला का कोरोना जांच हुआ। कोरोना जांच के बाद उनके पॉजिटिव होने की जानकारी चिकित्सक ने दी। महिला के पॉजिटिव होने के बाद स्वजन और ग्रामीण दहशत में आ गए हैं।