लखीसराय में कीचड़ होली खेलने के दौरान डूबने से एक बच्चे की मौत
लखीसराय में होली उस समय मातम में तब्दील हो गया जिस समय कीचड़ की होली खोलने के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद वहां मातमी सन्नाट पसर गया। पूरे गांव में शोक की लहर है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। सोमवार को लखीसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदबीघा गांव में कीचड़ की होली खेलने के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई। वह कीचड़ की होली खेलने के बाद पानी भरा एक गड्ढे में स्नान करने गया था। मृत बच्चा 11 वर्ष का था। घटना की खबर मिलते गांव में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान गोविंदबीघा निवासी कृष्ण मंडल के पुत्र करण कुमार के रूप में हुई है। वह गांव के ही सरकारी विद्यालय में छठी कक्षा में पढ़ता था। मिली जानकारी के अनुसार करण सोमवार की सुबह गांव में कुछ बच्चों के साथ कीचड़ की होली खेलने गया था। इसके बाद वह अपने दो अन्य साथियों के साथ गांव के बगल में डीएवी स्कूल के सामने चिमनी भट्टा के नजदीक पानी से भरा एक बड़े गड्ढा में नहाने लगा।
इसी क्रम में करण गहरे पानी में चला गया। करण को पानी में डूबते देख उसके अन्य साथी दौड़ते हुए गांव जाकर घटना की जानकारी दी। ग्रामीण दौड़ते हुए आये और गड्ढे से करण को बाहर निकाला। लोगों ने उसे सदर अस्पताल लखीसराय ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से शव लेकर घरवाले जैसे ही गांव पहुंचे। कोहराम मच गया। कुछ देर बाद फिर घरवाले करण के शव को लेकर स्थानीय एक निजी क्लीनिक पहुंचे। वहां भी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। होली पर्व पर करण की आकस्मिक मौत से गांव में मातम सन्नाटा पसरा है। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को दे दी है। इसके बाद लखीसराय थाना की पुलिस निजी क्लीनिक पहुंचकर मृत बालक के शव का पंचनामा तैयार किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घर में कोहराम, गांव में मातम
इस घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। मृत बच्चे के सभी साथी उदास हैं। घटना के बाद होली का आनंद समाप्त हो गया।