भागलपुर के पीरपैंती में वृद्ध को पीटकर मार डाला, भाई और भतीजे को भी किया जख्मी
Bhagalpur Crime भाई और भतीजे को भी पीटकर किया जख्मी सात नामजद व दो अज्ञात पर केस। आरोपितों में एक रेलकर्मी तीन को पुलिस ने पकड़ा। गोतियारी जमीन विवाद में दिया गया घटना को अंजाम। दो वर्षों से चला आ रहा जमीन विवाद छानबीन शुरू।
संवाद सूत्र, पीरपैंती (भागलपुर)। भागलपुर जिले के एकचारी दियारा थाना क्षेत्र के खवासपुर दियारा में बुधवार को वृद्ध विनोदी मंडल की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। जबकि उसके भाई जगदेव मंडल एवं भतीजे सुमन मंडल को पीटकर जख्मी कर दिया गया। घटना को गोतियारी जमीन विवाद में अंजाम दिया गया। सूचना पर एकचारी दियारा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बलों के साथ पहुंचे और दोनों जख्मी को इलाज के लिए कहलगांव भेजा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। विनोदी मंडल के भाई शिवनारायन सिंह ने एकचारी दियारा थाना में रेलकर्मी पवन मंडल, सदानंद मंडल, बाबूलाल मंडल सहित सात नामजद व दो अज्ञात पर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
अपनी जमीन पर बांस कटाने गए थे विनोदी मंडल और उनके भाई व भतीजे
बताया जाता है कि विनोदी मंडल अपने छोटे भाई जगदेव मंडल व भतीजा सुमन मंडल के साथ घर से आधा किमी दूर अपनी जमीन पर बांस काटने गए थे। बांस काटने की सूचना पर रिश्ते में भतीजा रेलकर्मी पवन मंडल नौ लोगों के साथ आ पहुंचा। बांस काटने का विरोध करते हुए तीनों पर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। विनोदी मंडल के सिर पर लाठी लगने से वह बेहोश होकर गिर पड़े और मौत हो गई।
सुमन और जगदेव को भी जान मारने की नीयत से पीटना शुरू कर दिया, जिससे दोनों जख्मी हो गए। ग्रामीणों के पहुंचने पर दोनों की जान बची। विनोदी मंडल की के भाई शिवनारायन सिंह ने पुलिस को बताया कि हम लोगों की खतियानी जमीन है। वर्षों से जोत आबाद करते आ रहे हैं। पिछले दो वर्षों से आरोपित पक्ष विवाद करते आ रहा है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद तीन आरोपित पवन मंडल ,सदानंद मंडल, बाबूलाल मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भागलपुर भेजा जाएगा। दोनों गोतिया हैं।