Lok Sabha Election 2019 : सूबे की सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करेगा एनडीए
बिहार में दो चरणों में कुल नौ सीटों पर चुनाव के बाद एनडीए 9-0 से आगे है। इसी तरह एनडीए राज्य की सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करेगा। सूबे में महागठबंधन का खाता भी नहीं खुलेगा।
भागलपुर [जेएनएन]। लोकसभा सीट पर एनडीए से जदयू के प्रत्याशी अजय मंडल के पक्ष में जीत का बटन दबाकर जनता ने महागठबंधन के प्रत्याशी को नकार दिया है। बिहार में दो चरणों में कुल नौ सीटों पर चुनाव के बाद एनडीए 9-0 से आगे है। इसी तरह एनडीए राज्य की सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करेगा। सूबे में महागठबंधन का खाता भी नहीं खुलेगा। केंद्र में एकबार फिर से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की ही सरकार बनेगी। उक्त बातें बिहपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में जदयू के प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व एमएलसी संजय सिंह कहीं।
उन्होंने कि 1990 से 2005 तक सूबे में लालू यादव के राज में विकास ठप रहा। गरीबों को ठगने का काम किया गया। वहीं आज राज्य में चहुंमुखी विकास कार्य के कारण सीएम नीतीश कुमार को जनता विकास पुरुष के रूप में जानने लगी है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा लाए गए गरीब सवर्ण आरक्षण बिल का विरोध करने वाली पार्टी राजद को मत देने से जनता ने परहेज किया।
श्री सिंह ने कहा कि सूबे में सात निश्चय योजना द्वारा गांवों का चहुंमुखी विकास हुआ है। हर घर जल, नल व बिजली पहुंची है। सभी धर्म व जाति के समान रूप से काम हो रहा है। राज्य में नीतीश कुमार द्वारा न्याय के साथ विकास को गति दी जा रही है। लोग नमो-नीतीश के विकास कार्यों के साथ राष्ट्रहित को ध्यान में रखकर वोट दे रहे हैं। पूरे देश की तरह खासकर सूबे में नमो- नीतीश (केन्द्र व राज्य) डबल इंजन की सरकार की लहर है। विरोधियों के लिए चुनाव में मुद्दा जाति व धर्म है। जबकि एनडीए के लिए चुनाव में सिर्फ विकास व राष्ट्रहित मुद्दा है।
श्री सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में राजद सुप्रीमो लालू यादव रांची के होटवार जेल में है। वहीं पूर्व सीएम राबड़ी देवी के साथ तेजस्वी यादव व मीसा भारती बेल पर हैं। जल्द ही ये सभी भ्रष्टाचार के मामले में जेल की सलाखों के पीछे होगें। ये जांच एंजेसी को क्यों नहीं बताते हैं कि उनके पास बेहिसाब संपत्ति के आय का कौन सा स्रोत है? इस मौके पर युवा जदयू नेता अजय सिंह और सत्यप्रकाश सिंह आदि मौजूद थे।