Mission 2019 : पटना की रैली के बाद NDA प्रत्याशियों का होगा एलान
पूर्व सांसद ने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति ने अभी तक किसी का टिकट तय नहीं किया है। कहा कि कौन सीट किसके खाते में जाएगी, यह तीनों दल मिलकर तय करेंगे।
भागलपुर [जेएनएन]। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पटना में तीन मार्च को पार्टी की रैली है। रैली के बाद भाजपा अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान करेगी। पार्टी के प्रत्याशियों के नाम और चुनाव क्षेत्र की घोषणा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में होगी।
भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में हुसैन ने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति ने अभी तक किसी का टिकट तय नहीं किया है। कहा कि कौन सीट किसके खाते में जाएगी, यह तीनों दल मिलकर तय करेंगे। हुसैन ने कहा कि बिहार में सीट शेयङ्क्षरग के लिए भाजपा, जदयू और लोजपा के नेता एकसाथ बैठकर अंतिम रुप देंगे। कहा कि बिहार में 40 सीटों पर चुनाव है। तीनों दल मिलकर एक दूसरे को जिताएंगे। दावा किया कि जनता पीएम को वोट और आशीर्वाद दोनों देगी।
हुसैन ने कहा कि भाजपा की नीति को नहीं जानने वाले लोग ही टिकट और उम्मीदवार के संबंध में भ्रम फैला रहे हैं। कहा कि पीएम मोदी की सभाओं में अपार भीड़ जुट रही है। इस बार एनडीए ने 400 सीट का लक्ष्य रखा है।
पार्टी प्रवक्ता ने सीमांचल एक्सप्रेस की दुर्घटना पर दुख जताया है। कहा कि घायलों के इलाज की चिंता रेल प्रशासन कर रहा है। रेलवे की राहत टीम बचाव कार्य में लगी है। रविवार को दिल्ली में भाजपा ने प्रचार अभियान प्रारंभ कर दिया है। इस अभियान की लांचिंग राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने की। दावा किया कि पीएम की पश्चिम बंगाल में हुई रैली में काफी भीड़ जुटी है।
पश्चिम बंगाल के लोगों ने तृणमूल कांग्रेस को उखाड़ फेकने का मन बना लिया है। बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि इससे लोगों को राहत मिलेगी। विपक्ष को निराशा हुई है। मौके पर जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय, मेयर सीमा साहा, लोकसभा पालक हरिवंशमणि सिंह, डॉ.आशा ओझा और ललन पासवान थे।
कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं
नवगछिया में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक जिलाध्यक्ष विनोद मंडल की अध्यक्षता में गोपाल गौशाला में हुई। मुख्य अतिथि में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन थे। शाहनवाज ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही भाजपा आज इस मुकाम पर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए कटिबद्ध है। बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों व तीन मार्च को पटना में आहूत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में पूर्व सांसद अनिल यादव, लोकसभा प्रभारी कुमार प्रणय, पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध सिंह कुशवाहा, नगर अध्यक्ष मुकेश राणा, अरविंद चौधरी सहित प्रखंड एवं पंचायत के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
सिलेंडर विस्फोट में घायलों से मिले शाहनवाज
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व सांसद शाहनवाज हुसैन रविवार की शाम को जेएलएनएमसीएच में भर्ती सिलेंडर विस्फोट में घायल मरीजों का हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि इलाज में कोई कमी नहीं हो। शाहनवाज मरीज और उनके परिजनों से भी इलाज संबंधी बात की। दो मरीज बेड पर थे, बेड के अभाव में छह मरीजों को फर्श पर रखा गया था। डॉ. विशाल आनंद और इमरजेंसी के स्वास्थ्य प्रबंधकपवन पाण्डेय शाहनवाज को मरीजों से मिलवाए। शाहनवाज के साथ आलोक सिंह बंटू सहित कई नेता थे।