नाजुक दौर में बैकिंग क्षेत्र, सभी के लिए नई चुनौती, समय के साथ करें बदलाव
ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कंफेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुमार भागलपुर पहुंचे। वे यहां अधिकारियों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र काफी नाजुक स्थिति में हैं। इसके लिए समय के साथ बदलाव जरूरी है। इसलिए ट्रेड यूनियन को भी बदलना होगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। एक दिवसीय दौरे पर सोमवार को भागलपुर पहुंचे ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कंफेडरेशन (आइबॉक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि अभी के दौर में बैंकिंग क्षेत्र काफी नाजुक स्थिति में हैं। समय के साथ बदलाव जरूरी है। इसलिए ट्रेड यूनियन को भी बदलना होगा। सभी के लिए यह नई चुनौती हैं। आज के समय में बैंकिंग के निजीकरण व डिसइन्वेस्टमेंट बड़ा मुद्दा और चुनौती की तरह है। इससे लडऩे व इसके खिलाफ मजबूती से खड़ा रहने की जरूरत है।
एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बैंक अधिकारियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने अधिकारियों को अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा कि आज के समय में बैंकिंग के क्षेत्र में नित नई चुनौतियां आ रही है। उसका हमें सही से अध्ययन करनी होगी। इसके बाद ही बैंकिंग की बेहतरी के लिए काम करना होगा। इसमें कोताही हर किसी के लिए बाधक बनेगा।
इसके पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर आइबाक के जिला सचिव प्रशांत कुमार मिश्रा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर ऐसे कार्यक्रम का आयोजन करना आइबॉक की जिला इकाई के लिए गर्व का विषय है। हमें स्वामी जी के पद चिन्हों पर भी चलने की जरूरत है।
स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में उतारते हुए बैंक अधिकारी बैंकिंग व्यवस्था और बैंक ट्रेड यूनियन को मजबूत करने के लिए कृत संकल्पित रहें। बैठक में बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक प्रबंधक राजीव सिन्हा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की उप आंचलिक प्रबंधक विनीता, सहायक महाप्रबंधक दीपक कुमार ने विचार रखे। स्वागत करते हुए स्टेट बैंक अधिकारी संघ के पदाधिकारी अरुण सिंह ने निजीकरण मुद्दे पर अपनी बात को मजबूती से रखा। धन्यवाद ज्ञापन इंडियन बैंक अधिकारी संघ के प्रदेश सचिव संजय लाठ ने किया। पंजाब नेशनल बैंक अधिकारी संघ के राजेश झा और यूको बैंक के एके ठाकुर, विकास श्रीवास्तव सहित राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।