Munger Durga Visarjan Case : पूरबसराय ओपी से इंसास की 140 राउंड गोली गायब
Munger Durga Visarjan Case दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान गोलीबारी और पथराव के मामले में दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने के विरोध में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था। भीड़ ने थाना और ओपी को निशाना बनाया। पूरबसराय में इंसास राइफल की 140 राउंड कारतूस गायब कर दी है।
मुंगेर, जेएनएन। Munger Durga Visarjan Case : दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान मुंगेर में हुई गोलीबारी और पथराव के मामले में दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने के विरोध में गुरुवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हजारों की संख्या में युवाओं की भीड़ ने कई थाना और ओपी को निशाना बनाया। पूरबसराय में तोड़फोड़ के दौरान किसी ने इंसास राइफल की 140 राउंड कारतूस गायब कर दी है। इसके साथ ही इंसास की दो मैगजीन भी गायब है। वहीं, पूरबसराय ओपी में सभी जरूरी दस्तावेज भी नष्ट कर दिए गए। दो पुलिस वाहन को भी जला दिया गया। भीड़ ने वासुदेवपुर ओपी में भी तोड़फोड़ की। वहीं, मुफस्सिल थाना में भी आधे दर्जन वाहनों को नष्ट कर दिया। अब पुलिस पूरे मामले में अलग अलग छह मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
पुलिस जवानों ने किया फ्लैग मार्च
शुक्रवार को डीएम रचना पाटिल, एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो, बीएमपी 15 के समादेष्टा संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में जिला पुलिस और बीएमपी जवानों ने पूरे शहर में फ्लैग मार्च किया। शहर के सभी मार्गों का भ्रमण करने के बाद फ्लैग मार्च समाप्त हुआ। इस दौरान डीएम ने एक बार फिर से लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
मृतक अनुराग के परिजनों से डीएम-एसपी ने की मुलाकात
डीएम रचना पाटिल और एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने पदभार ग्रहण करने के बाद देर रात विसर्जन जुलूस के दौरान हुई गोलीबारी मामले में मृतक अनुराग के परिजनों से मुलाकात की। डीएम और एसपी ने मृतक के माता पिता को सांत्वना दी। वहीं, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा भी दिया।
एडीजी लॉ एंड आर्डर मुंगेर में कर रहे हैं कैंप
एडीजी लॉ एंड आर्डर अमित कुमार मुंगेर में लगातार कैंप किए हुए हैं। एडीजी ने डीआइजी मनु महाराज के साथ बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा की। एडीजी ने कहा कि मुंगेर में लॉ एंड आर्डर बनाया रखना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस लगातार शहरी इलाके में फ्लैग मार्च कर रही है।
खुल गए बाजार, सामान्य हुए हालात
निर्वाचन आयोग द्वारा डीएम और एसपी को हटाए जाने के बाद मुंगेर चैंबर आफ कामर्स ने अनिश्चितकालीन मुंगेर बंद के अपने निर्णय को वापस ले लिया। इस कारण शुक्रवार की सुबह से बाजार में दुकानें खुल गई। आम दिनों की तरह ही बाजार में लोग खरीदारी करते दिखे। हालांकि, चौक-चौराहे पर गुरुवार को हुए हिंसक प्रदर्शन को लेकर लोग आपस में चर्चा करते दिखे। कई लोग पुलिस की बर्बर कार्रवाई के बाद भड़के आक्रोश को सही ठहरा रहे थे।