DIG मनु महाराज और SP सुशील कुमार को किया सम्मानित, नागरिक मंच ने लूटकांड का पर्दाफाश करने पर अधिकारियों को सराहा
मुंगेर में लूटकांड का पर्दाफाश होने पर नागरिक मंच ने पुलिस पदाधिकारियों को सम्मानित किया। मंच के कार्यकर्ताओं ने डीआइजी मनु महाराज एसपी सुशील कुमार सहित कई अधिकारियों को सम्मानित किया। मुंगेर में बढ़ रहे आपराधिक घटनाओं पर मंच ने चिंता भी व्यक्त की।
मुंगेर, जेएनएन। बीते दिनों एनएच 80 पर लखीसराय जिला के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एनएच 80 पर लूट की घटना को अंजाम दिया। स्कार्पियो वाहन पर सवार अपराधियों ने कूरियर वाहन से लूट के दौरान चालक नयारामनगर थाना क्षेत्र के कोशापुर निवासी पंकज गुप्ता की गोली मार कर हत्या कर दी थी। वहीं, वाहन पर सवार व्यवसायियों से साठ हजार रुपये और चार मोबाइल लूट लिए थे। इस घटना से जहां व्यवसायियों में भय व्याप्त हो गया था। वहीं, पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ गए थे। डीआइजी मनु महाराज और लखीसराय एसपी सुशील कुमार ने इस घटना को चुनौती के रूप में लिया। घटना का पर्दाफाश करने और कांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआइटी का गठन किया गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अपराधियों की शिनाख्त की गई। महज 24 घंटे के अंदर पुलिस ने घटना में शामिल दस अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। कांड का पर्दाफाश होने के बाद व्यवसायियों ने राहत की सांस ली। मुंगेर नागरिक मंच ने मामले का जल्द खुलासा करने और अपराधियों की गिरफ्तारी करने के लिए डीआइजी मनु महाराज और लखीसराय एसपी सुशील कुमार को सम्मानित किया। डीआइजी आवास पहुंच कर नागरिक मंच के सह सचिव प्रभात कुमार, प्रीतम सिंह, दीपक जलान, विजय मोदी, राकेश मंडल आदि ने डीआइजी मनु महाराज और लखीसराय एसपी को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और बुके भेंट कर सम्मानित किया।
दीपक जलान ने कहा कि मुंगेर के व्यवसायी पटना से ही व्यवसाय करते हैं। अक्सर व्यवसायियों का मुंगेर से पटना आना जाना होता है। एनएच पर लूट की घटना ने व्यवसायियों में भय पैदा कर दिया था। अगर समय रहते अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तो निश्चित रूप से व्यवसायियों की परेशानी बढ़ती। डीआइजी मनु महाराज ने कहा कि क्राइम कंट्रोल पुलिस की प्राथमिकता में है। पुलिस पब्लिक के बेहतर समन्वय से क्राइम पर नियंत्रण किया जा सकता है।