Munger Crime:13 कट्ठा जमीन के लिए हुए विवाद की भेंट चढ़ी तीन जिंदगियां, पूरा इलाका छावनी में तब्दील
मुंगेर में शुक्रवार की देर शाम महज 13 कटठा जमीन के लिए तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कासिमबाजार थाना क्षेत्र के चांय टोला मुकबिरा मुहल्ले की है। घटना के बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गई है।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। कासिमबाजार थाना क्षेत्र के चांय टोला मुकबिरा मुहल्ला में शुक्रवार की देर संध्या 13 कट्ठा जमीन को लेकर दो पक्षों में मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई। गोलीबारी में एक पक्ष के सागर कुमार की मौत हो गई। सागर की मौत के बाद दूसरे पक्ष के लोग आक्रोशित हो उठे। दूसरे पक्ष ने हमलावर चंदन के घर पर हमला कर दिया। चंदन घर पर नहीं मिला, तो उसके पिता जयराम और भाई कुंदन की हत्या कर दी गई। महज 13 कट्ठा जमीन विवाद में तीन जिंदगियां मौत के आगोश में समा गई।
एक आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार
इस घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। चांय टोला मुकबिरा के साथ ही सदर अस्पताल में भारी संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई। वहीं, सदर अस्पताल में मृतक के स्वजनों की चित्कार से माहौल गमगीन हो उठा था। देर रात तक पुलिस कर्मी सदर अस्पताल में कैंप करते रही।
पहले भी कई बार हो चुका है विवाद
कासिमबाजार थाना क्षेत्र के चांय टोला मुकबिरा मुहल्ला में शुक्रवार की देर संध्या हुई गोलीबारी के बाद तरह तरह की चर्चा शुरू हो गई। लोग कुछ भी खुलकर बताने को तैयार नही ंहै, लेकिन कुछ लोगों ने दबे जुबान बताया कि उन दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। इसके बाद भी जमीन का विवाद सुलझ नहीं सका था। शुक्रवार की शाम किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, इसके बाद गोलीबारी होने लगी। वहीं, इस घटना के बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया की पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। वहीं, आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।