Munger Crime: 80 राउंड कारतूस के साथ हथियार तस्कर चढ़ा पुलिस के हत्थे
Munger Crime मुंगेर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने 80 राउंड गोली के साथ हथियार तस्कर को गिरफतार किया है। गिरफ्तार हथियार तस्कर के पास से एक बाइक भी जब्त किया गया है। पुलिस पूछताछ कर रही है।
मुंगेर, जेएनएन। बरियारपुर पुलिस ने शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर एक हथियार तस्कर को 80 राउंड जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा। गिरफ्तार हथियार तस्कर के पास से एक बाइक भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार हथियार तस्कर से हथियार तस्करी के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
हथियार तस्करी की डिलिंग करने की मिली थी सूचना
गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बरियारपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हथियार तस्कर हथियारों की डिलिंग करने वाले हैं। इस सूचना के बाद पुलिस ने फिलिप उच्च विद्यालय के समीप से विजयनगर निवासी सिंटू मंडल को गिरफ्तार कर लिया। सिंटू के पास से प्वाइंट 315 बोर का 80 कारतूस बरामद किया। उसके पास से एक बाइक भी जब्त किया गया।
कई वर्षों से कारतूस की तस्करी कर रहा था सिंटू
थानाध्यक्ष ने बताया कि सिंटू मंडल काफी समय से कारतूस की तस्करी कर रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह नौवागढ़ी के एक युवक से कारतूस लाया था। पुलिस अब कारतूस तस्करी के नेटवर्क के बारे सिंटू से पूछताछ कर रही है। पुलिस के निशाने पर नौवागढ़ी का वह युवक भी है, जिसने सिंटू को कारतूस की डिलिवरी दी थी।
कई तस्कर पुलिस के निशाने पर
मुंगेर पुलिस के निशाने पर कई हथियार तस्कर हैं। पुलिस उन सब पर नजर रख रही है। उनकी हर गतिविधियों के बारे में पुलिस सूचना जुटा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को बरियारपुर पुलिस ने छापामारी कर एक हथियार तस्कर को 80 राउंड जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा।
हाल के दिनों में लगातार हो रही कार्रवाई
हथियार तस्करों पर हाल के दिनों में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वैसे तो पुलिस हथियार तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाती रही है। लेकिन इधर हथियार तस्करों पर कार्रवाई और तेज की गई है। इससे हथियार तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।