ललन सिंह ने बिहार महागठबंधन को बताया लठबंधन, बोले- पहले घर की आग बुझाएं तेजस्वी यादव
Bihar Politics - जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि वे पहले अपने घर की आग बुझाएं। इसके साथ ही उन्होंने महागठबंधन को लठबंधन करार दिया। एमपी ललन सिंह ने कहा कि सीएम नीतीश को कोई चुनौती नहीं दे सकता।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। Bihar Politics: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह लोकसभा में पार्टी के संसदीय दल के नेता सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह (MP Lalan Singh) ने कहा है कि जनता दल यूनाइटेड (JDU) को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाया जाएगा। इसके लिए कई राज्यों में काम चल रहा है। लखीसराय दौरे पर पहुंचे मुंगेर एमपी ललन सिंह ने कहा कि देश के प्रत्येक राज्य में पार्टी की प्रदेश इकाई का गठन किया जाना है। इसके साथ ही उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) और महागठबंधन पर भी हमला बोला है।
एमपी ललन सिंह ने बिहार में महागठबंधन को लठबंधन की संज्ञा दी है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा जदयू को महागठबंधन में आमंत्रण देने के सवाल पर कहा कि बिहार में महागठबंधन अब लठबंधन बन गया है। तेजस्वी पहले अपने परिवार और पार्टी को बचाएं उसके बाद महागठबंधन की बात करें। घर और पार्टी के अंदर रोज हंगामा हो रहा है और आग लगी हुई है। पिता के उत्तराधिकारी पद के लिए दो भाईयों में घमासान मचा हुआ है। ऐसे लोगों से बिहार का भला नहीं होगा। ये लोग अपनी सेहत मजबूत करने के लिए रोज-रोज ड्रामा करते हैं और अनाप-शनाप बयान देते हैं। पहले अपने घर में लगी आग को वे बुझाएं। नीतीश कुमार के नेतृत्व को कोई न तो चुनौती दे सकता है और न तो इनकी सरकार को आइना दिखा सकता है।
जेडीयू को राष्ट्रीय पार्टी बनाने को लेकर उन्होंने कहा कि हाल में उन्होंने जम्मू और कश्मीर का दौरा भी किया है, जहां पहले जदयू के छह-छह विधायक हुआ करते थे। वहां संगठन से जुड़े साथियों से मुलाकात करके फिर से उन्हें सक्रिय किया गया है। संगठन विस्तार के लिए मजबूती से काम किया जा रहा है और बिहार के बाहर भी इसका विस्तार करने की योजना पर काम चल रहा है। सभी पुराने साथियों को जोड़ा जा रहा है। पूर्वांचल के राज्यों पर भी उनका ध्यान है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने काम और जनहित की योजनाओं के बल पर देश के अंदर सबसे अव्वल सीएम के रुप में अपनी पहचान कायम किए हुए हैं। इसका अनुसरण कई राज्य सरकारें भी कर रही है। पार्टी को इसका लाभ मिल रहा है। अपने संसदीय क्षेत्र मुंगेर लोकसभा अंतर्गत लखीसराय जिले के दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन शुक्रवार को सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
यूपी में जदयू लड़ेगी विस चुनाव
जदयू उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। इसके लिए राजग के घटक दलाें को एकसाथ रहने पर बल दिया जा रहा है। भाजपा से सीट शेयरिंग पर बातचीत होगी। फिर आगे फैसला किया जाएगा। पूर्वांचल यूपी में जदयू बेहतर स्थिति में है और पार्टी की इच्छा है कि वह इस क्षेत्र में अपना प्रत्याशी दे। राजग (NDA) का नेतृत्व करने वाली पार्टी भाजपा से इस पर गहन मंथन के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। एक सवाल के जबाव में ललन सिंह ने कहा कि यदि भाजपा से सम्मानजनक समझौता नहीं हुआ, तो पार्टी अपने दम पर भी चुनावी मैदान में कूदेगी। हालांकि, इससे गठबंधन के रिश्ते पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यूपी के कार्यकर्ताओं की राय ली जा रही है।