भागलपुर में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी... मुखिया ने पंचायत सचिव और बीएलओ से मिलकर विरोधियों के नाम हटवाए, कहलगांव के इस पंचायत का है मामला
भागलपुर में मतदाता सूचू में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। मामला कहलगांव प्रखंड का है। लोगों ने आरोप लगाया है कि मुखिया ने पंचायत सचिव और बीएलओ से मिलकर सभी का नाम कटवा दिया है। अब वे लोग नाम जुड़वाने के लिए सरकारी दफतर का चक्कर लगा रहे हैं।
कहलगांव (संसू)। कहलगांव प्रखंड में पंचायत चुनाव को लेकर प्रकाशित की गई मतदाता सूची में व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी और उलट-फेर किए जाने की शिकायतें समाने आ रही हैं। मतदाता सूची में सुधार के लिए रोज प्रखंड कार्यालय में सभी पंचायतों के लोगों की भीड़ लग रही है। सुधार के लिए लोग फार्म भरकर जमकर रहे हैं। लोगों को आरोप है कि कई पंचायतों के मुखिया के द्वारा पंचायत सचिव एवं बीएलओ से मिलकर इच्छानुसार मतदाता सूची बनवाई गई है।
मथुरापुर पंचायत के पूर्व मुखिया जैनेन्द्र कुमार पिंटू ने बताया कि वार्ड नम्बर नौ में पहले 699 मतदाता थे। नई सूची में मात्र 77 ही रह गए हैं। बाकी मतदाताओं का नाम विलोपित कर दिया गया है। मुखिया पद से चुनाव लड़ चुकीं लता सिन्हा का नाम वार्ड नम्बर नौ से विलोपित कर दिया गया है। पंचायत समिति सदस्य डोली देवी एवं इनके परिवार के सभी सदस्यों का नाम वार्ड नम्बर पांच से गायब कर दिया गया है। वार्ड नम्बर आठ की वार्ड सदस्य रूबी देवी एवं उनके परिवार का नाम गायब कर दिया गया है। वर्तमान मुखिया जयनाथ महतो ने बताया कि वार्ड नम्बर 10 के कई मतदाताओं के नाम नन्दलालपुर पंचायत के वार्ड नम्बर दो में कर दिया गया है। वार्ड नम्बर 12 के मतदाता को चार जगहों में बांट दिया गया है।
किशनदासपुर पंचायत के पूर्व मुखिया निशिकांत मंडल ने बताया कि पंचायत के 500 मतदाताओं का नाम विलोपित कर दिया गया है। वार्ड नम्बर तीन में अन्य वार्डो के मतदाता का नाम शामिल कर दिया गया है। रामजजानीपुर पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि जयप्रकाश यादव ने कहा कि वार्ड नम्बर नौ में मात्र 109 मतदाता का ही नाम रहने दिया गया है। वार्ड नम्बर 2, 3, 4, 5, 6, 9,10 में काफी उलट-फेर किया गया है। ओगरी पंचायत से मुखिया का चुनाव लड़ चुके अर्जुन मंडल ने कहा कि मेरा एवं परिवार के सभी सदस्यों का नाम विलोपित कर दिया गया है। मनमाने ढंग से मतदाता सूची का विखंडन किया गया है।