स्मार्ट सिटी : अफसरों की कोताही पर नगर विकास एवं आवास मंत्री ने लगाई फटकार Bhagalpur News
मंत्री ने कहा कि भागलपुर स्मार्ट सिटी में कोई भी कार्य धरातल पर नहीं दिख रहा है। जो भी कार्य हुए वो कागजों में सिमट कर रह गए है।
भागलपुर [जेएनएन]। सरकार की विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने के लक्ष्य पर अफसरों की कोताही भारी पड़ रही है। बिहार के चार शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए चल रही योजनाओं की समीक्षा के दौरान यह जानकारी सामने आई।
नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश शर्मा ने भागलपुर और मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी की शून्य प्रगति पर सख्त नाराजगी जताई। मंत्री ने कहा कि भागलपुर स्मार्ट सिटी में कोई भी कार्य धरातल पर नहीं दिख रहा है। जो भी कार्य हुए वो कागजों में सिमट कर रह गए है। जबकि पटना और बिहारशरीफ को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास और योजनाओं की प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने भागलपुर के नगर आयुक्त को विस्तृत समीक्षा के लिए शनिवार को स्थानीय स्तर पर बैठक बुलाने के निर्देश दिया। उधर, मंत्री के समक्ष चारों स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट ने को प्रजेंटेंशन दिया।
समीक्षा बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद, विशेष सचिव संजय दयाल, भागलपुर की नगर आयुक्त जे प्रियदर्शनी सहित पटना, बिहारशरीफ और मुजफ्फरपुर नगर निगम के नगर आयुक्त और मुख्य अभियंता मौजूद थे। प्रधान सचिव ने अधिकारियों से कहा कि वे तय करें कि निर्धारित लक्ष्यों को समय रहते कैसे पूरा किया जाए। प्रधान सचिव ने दो टूक कहा कि कार्य धरातल पर दिखे। इसके लिए लगातार प्रयास जारी रहे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप