बिहार से मजदूरों को लेकर पंजाब जा रहा मिनी ट्रक पलटा, पिता-पुत्र की मौत, नौ लोग जख्मी
सहरसा से मजदूरों को लेकर पंजाब जा रहा मिनी ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें पिता पुत्र की मौत हो गई जबकि नौ अन्य घायल हो गए। सभी लोग सहरसा के ही रहने वाले हैं। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया है।
संसू, महिषी (सहरसा)। शुक्रवार को महिषी थाना क्षेत्र के जजौरी गांव से दो दर्जन मजदूरों को लेकर पंजाब जा रहा मिनी ट्रक पिकअप वैन पंजाब के मौगा जिला जा रहा था। परंतु यह गंतव्य से 15 किमी पूर्व सड़क किनारे पलटकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में जजौरी निवासी 36 वर्षीय बबलू शर्मा एवं उसके पुत्र 14 वर्षीय चांद देव कुमार की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। जबकि नौ अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों में चार की स्थिति नाजुक बतलायी जा रही है। जिसका इलाज वहां के स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया है।
घटना के संबंध में सिरवार वीरवार पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि नीतीश कुमार ,जजौरी निवासी पप्पू शर्मा एवं प्रियव्रत शर्मा ने बताया कि मजदूरों को अपने साथ पंजाब ले जाने मजदूरों का ठेकेदार पिकअप वैन न.पीबी 13 बीजी 3648 से गांव आया था। दो दर्जन मजदूर को अपने साथ पिकअप से लेकर पंजाब के लिए रवाना हुआ। जिसमें से चार मजदूर पंजाब के सुनाम शहर में उतर गए शेष 20 मजदूरों को लेकर गाड़ी मौगा जिला के लिए जा रही थी। इसी दौरान मौगा से 15 कि.मी.पूर्व ही रविवार की सुबह यह दर्दनाक हादसा हो गया। मृतक के स्वजनों का बुरा हाल है। इस घटना में घायल भगवान मुखिया ,गौतम मुखिया ,कुलो कुमार एवं राजेश मुखिया की स्थिति नाजुक बतलायी जा रही है। वहीं जवाहर मुखिया ,संतोष कुमार ,अनिल कुमार ,टुनाय मुखिया एवं बौआ मुखिया घायल हैं। ग्रामीणों के अनुसार मृतक बबलू शर्मा के बड़े भाई सहित गांव के काफी मजदूर सुनाम शहर में रहते हैं जिन्हें घटना की सूचना दी गई। उनके द्वारा मृतकों के शव का पोस्टमार्टम उपरांत दाह संस्कार वहीं कर दिया गया। जबकि घायलों के इलाज में भी वहीं लोग लगे हुए हैं।