मध्याह्न भोजन का हाल : सब्जी से गोभी गायब और दाल भी पतली Bhagalpur News
जागरण की टीम बच्चों को मिलने वाले मिड डे मील की गुणवत्ता को पड़ताल करने बरारी स्थित राजकीय सुंदरवती कन्या मध्य विद्यालय पहुंची थी। जानिए... वहां का हाल।
भागलपुर [जेएनएन]। प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में बच्चों के लिए चलाए जा रही मध्याह्न भोजन योजना (मिड-डे मील) अधिकारियों की अनदेखी की भेंट चढ़ गई है। बच्चों को मीनू के हिसाब से भोजन तो परोसा जा रहा है, पर उसकी गुणवत्ता सही नहीं है। जागरण की टीम बच्चों को मिलने वाले मिड डे मील की गुणवत्ता को पड़ताल करने बरारी स्थित राजकीय सुंदरवती कन्या मध्य विद्यालय पहुंची थी। यहां बच्चों के लिए रखे भोजन की गुणवत्ता सही नहीं थी। स्कूल में मीनू के हिसाब से सेंट्रलाइज्ड किचन से चावल, दाल और सब्जी आई थी। सब्जी में कहीं गोभी या दूसरी हरी सब्जी नहीं दिखी। बच्चों को दी जाने वाली दाल में पानी की मात्रा अधिक थी।
300 में 170 बच्चे ही करते हैं भोजन
विद्यालय में ओमप्रकाश आजाद प्रधानाध्यापक हैं। यहां 537 छात्राओं के नाम रजिस्टर में दर्ज हैं। पर, नियमित रूप से 300 छात्राएं ही स्कूल आती हैं। इसमें से 160-170 बच्चे ही मिड डे मील खाते हैं। शेष बच्चे भोजन नहीं करते। प्रधानाध्यापक ने बताया कि पहले भोजन की गुणवत्ता इससे भी खराब रहती थी। अब कुछ सुधार हुआ है। फिर भी सुधार होना चाहिए।
दाल परासेते ही फैल गई
स्कूल में प्रतिदिन 12.40 बजे बच्चे भोजन करने के लिए बैठते हैं। बरामदा में ही रसोइया दरी पर बैठकर भोजन कराते हैं। महिला रसोइया ने चावल के बाद दाल परोसा तो दाल पतला होने के कारण पूरी फैल गई। दाल का रंग भी फीका था।
कुछ दिनों से भोजन में सुधार हुआ है। पहले इससे भी घटिया भोजन आता था। घर की तरह भोजन नहीं मिलता। -मुस्कान कुमारी
सप्ताह में कभी अंडा तो कभी फल मिलता है। पुलाव बढिय़ा नहीं रहता। दाल में पानी ज्यादा रहता है। -मौसम कुमारी
आधे बच्चे ही भोजन करते हैं। एक बार के बाद दोबारा नहीं मिलता है। बर्तन की सफाई बढिय़ा से होती है। -नेमा कुमारी
दाल में पानी अधिक है। कभी-कभी भोजन अच्छा रहता है। मीनू के हिसाब से भोजन स्कूल में परोसा जाता है। -रेशम कुमारी
शहरी क्षेत्र के 120 प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में भोजन की आपूर्ति बाल विकास परियोजना संरक्षण की ओर से की जाती है। भोजन की जांच बराबर होती है। कुछ गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर कार्रवाई होती है। -सुनील कुमार सिन्हा, एमडीएम, डीपीएम।
मुख्य बातें
-राजकीय सुंदरवती कन्या मध्य विद्यालय में 60 फीसद करते हैं भोजन
-बच्चों को गुणवत्ता वाला नहीं मिल रहा मिड डे मील
-537 छात्राएं है स्कूल के रजिस्टर में
-300 के करीब छात्राएं आती हैं स्कूल
-160-170 छात्राएं खाती हैं मिड डे मिल
-120 प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल हैं शहरी क्षेत्र में
-12.40 बजे दिया जाता है बच्चों को भोजन
यह है भोजन का मीनू
सोमवार -चावल, दाल, सब्जी
मंगलवार -सोया सब्जी-चावल
बुधवार -खिचड़ी और चोखा
गुरुवार -चावल, दाल, सब्जी
शुक्रवार -छोला, पुलाव, सलाद, अंडा या फल
शनिवार -खिचड़ी और चोखा