सबौर में मास्क की खरीदारी में निर्देश का पालन नहीं
सबौर प्रखंड में पंचायतों द्वारा मास्क की खरीदारी निर्देशों को ताक पर रख कर मनमाने ढंग से की गई।
भागलपुर। सबौर प्रखंड में पंचायतों द्वारा मास्क की खरीदारी निर्देशों को ताक पर रख कर मनमाने ढंग से की गई। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रखंड की 14 पंचायतों के 166 वार्ड में 52 हजार 665 मास्क खरीदे गए। इनमें से एक भी मास्क जीविका और खादी ग्रामोद्योग से नहीं खरीदा गया। जबकि जिला मुख्यालय के निर्देश के मुताबिक जीविका या खादी ग्रामोद्योग से ही मास्क की खरीदारी की जानी है। इतना ही नहीं, क्षेत्र में कुछ वार्ड को छोड़कर अधिकतर जगहों पर मास्क और साबुन का वितरण ही नहीं किया गया है।
इस संबंध में मुखिया संघ के अध्यक्ष और खानकित्ता के मुखिया संजीत कुमार कहते हैं कि मास्क की खरीदारी सरकारी राशि से नहीं की गई है। पंचायत प्रतिनिधि अपने पैसे से मास्क खरीदकर बांटा है। जिस समय मास्क खरीदा गया, उस समय खरीदारी को लेकर कोई निर्देश भी नहीं था। वहीं, जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक प्रदीप चौधरी कहते हैं कि आदेश के आलोक में जीविका की दर्जनों दीदियां दिन रात एक कर गुणवत्तापूर्ण मास्क का निर्माण कर रही हैं। विडंबना यह है कि जीविका के मास्क की सबौर में मांग नहीं है। एक पीस भी खरीदारी नहीं की गई है। हद तो यहां तक है कि सबौर जीविका का मास्क कहलगांव प्रखंड में भेजा जा रहा है। कोट ..
निर्देशानुसार क्रय नहीं करने की स्थिति में सरकारी राशि से भुगतान नहीं की जाएगी। पंचायत द्वारा अपने मन से राशि निकासी की गई होगी तो रिकवरी की जाएगी। कार्रवाई भी होगी।
ममता प्रिया बीडीओ सबौर