शादी के चार साल बाद याद आई दहेजी सामान की याद... नहीं मिली तो तोड़ दिए सातों वचन
Madhapura Bihara News मधेपुरा में दहेज हत्या का मामला सामने आया है। शादी के चार साल बाद जब युवक को दहेजी सामान की याद आई तो पत्नी पर तरह-तरह के जुल्म करने लगा। इतने से भी जब मन नहीं भरा तो हत्या कर दी।
संवाद सूत्र, बिहारीगंज (मधेपुरा)। Madhapura Bihara News : जिले के बिहारीगंज थानाक्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी के गले में फंदा डालकर मार डाला। मृतका के भाई के आवेदन पर बिहारीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष अरूण कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मृतका के भाई बेनी कुमार राम साकिन रामपुर खोड़ा थाना उदाकिशुनगंज ने बताया कि उनकी बहन सोनी कुमारी (30) की शादी चार वर्ष पूर्व ग्वालपाड़ा प्रखंड के सरौनी कला निवासी विभीषण राम उर्फ विभीषण मेहरा के साथ हुई थी। शादी के बाद सबकुछ ठीक-ठाक था। इधर कुछ माह से उनके पति और परिवार के लोग दहेज के लिए प्रताडि़त कर रहे थे। 14 मार्च को उनके जीजा ने मोबाइल पर सूचना दिया कि उनकी बहन की हालत बेहद खराब है। ईलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते हीं जब सरौनी पहुंचे, तो मेरी बहन को वाहन से भागलपुर ले जाने की तैयारी की जा रही थी। बहनोई ने बताया कि घरेलू विवाद के बाद वह बेहोश हो गई है। भागलपुर ले जाने के क्रम में मौत हो गई।
वापस आने पर आस पड़ोस के लोगों से पता चला कि एक सप्ताह पूर्व विभीषण ने दहेज नहीं लाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इसी बात को लेकर उसके साथ बराबर मारपीट करता रहता था। रविवार को उनके बहनोई परिवार के लोगों के साथ उनके गले में फंदा लगाकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। इससे मौत हुई है। इस कांड में बहनोई का भाई अजय राम, बहन मंजू देवी और अजय राम की पत्नी शामिल है। मृतका को दो छोटा-छोटा पुत्र है। थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि आवेदन के आलोक में आरोपित पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आवेदन अन्य लोगों की संलिप्ता नहीं दर्शाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक पूरी स्थित स्पष्ट नहीं है। इस घटना की हर ओर चर्चा हो रही है।