Lockdown in Bhagalpur : भीड़ घटी पर सड़कों पर नहीं हो रहा नियमों और शारीरिक दूरी का पालन
Lockdown in Bhagalpur कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए बिहार में फिर लॉकडाउन लगा दिया गया है। लेकिन इस बार लॉकडाउन का पालन पूरी तरह लोग नहीं कर रहे हैं।
भागलपुर, जेएनएन। कोरोना वायरस के तेजी से फैल रहे संक्रमण की कड़ी को तोडऩे के लिए सरकार और जिला प्रशासन सारे जतन कर रही है। कोशिश है कि जिस तेजी से वायरस फैल रहा है और संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, उसे किसी तरह से रोका जाए। यही कारण है कि 31 जुलाई तक के लिए लॉकडाउन लगाया गया है। सुबह छह बजे से दस बजे तक और शाम में चार बजे से सात बजे तक लोगों को जरूरत के सामान की अनुमति दी गई है। लेकिन लोग सब्जी, किराना, दूध आदि की खरीदारी के सड़कों पर उमड़ रहे हैं। सुबह हालत बेकाबू होने वाली पैदा हो जा रही है। तमाम लोग बिना मास्क के सड़कों पर आ जा रहे हैं। ई-रिक्शा पर चार लोगों को बैठाया जा रहा है। सब्जी मंडी में शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा है। अगर यही स्थिति रही तो सुरक्षा की कड़ी टूटने से कोई नहीं बचा सकता है। लोग इतने बेखौफ हैं कि लग नहीं रहा है कि शहर लॉकडाउन है। लग रहा है कि लोगों ने कोराना से जंग जीत लिया है। जबकि सरकार और स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों से शारीरिक दूरी का पालन करने की अपील कर रही है। लोग घरों से मास्क लगाकर निकलें। शहर में इन नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। लोग बेखौफ होकर खरीदारी कर रहे हैं।
दोपहर में दिखा सन्नाटा
सुबह की अपेक्षा दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा था। सड़कों पर इक्के-दुक्के लोग ही सड़कों पर नजर आ रहे थे। पैदल चलने वालों की संख्या भी कम थी। जो लोग सड़कों पर नजर आ रहे थे, वे मास्क लगाए हुए थे। जिनके पास मास्क नहीं था, वे गले में गमछा डाले हुए थे। लेकिन शाम चार बजे के बाद स्थिति सुबह वाली ही हो गई। भारी संख्या में लोग सड़कों पर नजर आए। बिना रोकटोक के लोग सड़कों पर आ जा रहे थे। पुलिस वाले चंद मोटरसाइकिल सवार को जरूर रोक ले रहे थे।