Coronavirus Munger Update : 115 पहुंची संक्रमितों की संख्या, क्वारंटाइन सेंटर पर रखी जा रही नजर
Coronavirus Munger News Update रेड जोन वाले राज्यों से आने वाले प्रवासियों को प्रखंडस्तरीय क्वारंटाइन कैंप में ग्रीन और ऑरेंज जोन से आने वाले लोगों से अलग रखा जाएगा।
मुंगेर, जेएनएन। Coronavirus Munger News Update : कोरोना संक्रमण के दृष्टिकोण से रेड जोन में शामिल मुंगेर में रविवार को कोरोना संक्रमण के 11 नए मामले मिले थे। जिला में कुल संक्रमितों की संख्या 115 पहुंच गई है। इस कारण सोमवार सुबह से ही अधिकारी और ज्यादा सक्रिय हो गए हैं। दूसरे प्रदेश से आए मजदूरों और छात्रों पर नजर रखी जा रही हैं। जांच कराई जा रही हैं। जिला प्रशासन को जिला में कोरोना के तीन चेन को तोड़ने में सफलता मिली। लेकिन, अब दूसरे प्रदेशों से आने वाले प्रवासी मजदूर जिला प्रशासन की परेशानी बढ़ा रहे हैं। तीन मई को मुंगेर में छह कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे। जिसमें चार मरीज प्रवासी ही थे। वहीं, नौ मई को हवेली खड़गपुर में कोरोना के दो पॉजिटिव मरीज मिले।
ये दोनों भी प्रवासी मजदूर थे और पहले से ही क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे थे। रविवार को मुंगेर में कोरोना के 11 नए मरीज मिले हैं। जिसमें आठ टीकारामपुर, दो जगदीश टोला और एक जमालपुर के रहने वाले हैं।
सिविल सर्जन के पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि खगड़िया में एक प्रवासी मजदूर कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद जिला की ट्रैकिंग सेल को एक्टिवेट किया गया। खगड़िया में पॉजिटिव पाए गए युवक के साथ ही एक ट्रक से ये सभी लोग भी खगड़िया पहुंचे थे। वहां से सभी नौका के सहारे गंगा पार कर मुंगेर पहुंचे थे। इन सभी लोगों को गंगा घाट पर उतरते ही क्वारंटाइन कैंप भेज दिया गया। प्राथमिकता के आधार पर सभी लोगों का सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए पटना भेजा गया। सभी 11 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब इन सभी लोगों को आइसोलेशन वार्ड सह ट्रीटमेंट सेंटर में भर्ती कराया जाएगा। जहां इनका उपचार किया जाएगा।
सिविल सर्जन ने कहा कि दूसरे प्रदेशों से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग, जांच और उन्हें क्वारंटाइन कराने को लेकर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह से सजग है। इधर, डीएम राजेश मीणा ने भी मुंगेर में 11 नए मरीज मिलने की पुष्टि की। डीएम ने कहा कि मुंगेर में अब तक 60 लोग कोरोना को मात देकर अपने घर लौट चुके हैं। जिला में अभी कुल 54 एक्टिव केस हैं।
रविवार को भी मुंगेर से 16 मरीज स्वस्थ्य होकर अपने घर गए हैं। 12 मरीज जीएनएम स्कूल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड सह ट्रीटमेंट सेंटर से और छह लोग रेलवे क्वींस हॉस्टल के ट्रीटमेंट सेंटर सह आइसोलेशन वार्ड से डिस्चार्ज किए गए हैं।