Coronavirus Munger Update : एसपी पहुंची पुलिस लाइन, बैरक को कराया सैनिटाइज, दिए कई निर्देश
Coronavirus Munger News Update जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यहां अब तक 102 मरीज संक्रमित मिले हैं। अभी 90 मरीज एक्टिव हैं।
मुंगेर, जेएनएन। Coronavirus Munger News Update : एसपी लिपि सिंह ने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने अपने समक्ष ही पुलिस लाइन के सभी बैरक को पूरी तरह से सैनिटाइज कराया। इसके बाद एसपी हेमजापुर में बनाए गए चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। एसपी ने जिला की सीमा की 24 घंटे निगरानी करने वाले पुलिस जवानों के ठहरने के लिए विद्यालय में किए गए इंतजाम का भी जायजा लिया। एसपी ने जवानों को ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वाहण करने की सीख देते हुए कहा कि बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर आ रहे हैं। सीमा पर डयूटी के दौरान यह सुनिश्चित कराएं कि बिना जांच के कोई मजदूर जिला की सीमा में प्रवेश नहीं करें। जमालपुर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
वहीं, एसपी ने जवानों से कहा कि अपनी सुरक्षा के लिए सजग रहें। डयूटी के दौरान मास्क का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। समय समय पर अपने हाथों को सैनिटाइज करते रहें। एसपी ने कहा कि अब जमालपुर के साथ ही चंदनपुरा, बरियारपुर, टेटिया बम्बर आदि में कटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। इस कारण पुलिस की जिम्मेवारी बढ़ गई है। बल की कमी के बावजूद पुलिस कर्मी लगातार दो दो शिफ्ट में काम कर रहे हैं, ताकि कोरोना को हराया जा सके।
लॉकडाउन को लेकर सख्त हो गई पुलिस
लॉकडाउन के तीसरे चरण में लॉकडाउन के अनुपालन को लेकर मुंगेर पुलिस सख्त है। बुधवार सुबह भी इसके लिए माइकिंग की जा रही है। सुबह छह बजे से आठ बजे तक ही सब्जी, फल और राशन का दुकान खोलने की इजाजत है। आठ बजने के बाद पुलिस जवान शहर की सड़कों पर गश्त लगाने उतरे। इस दौरान पुलिस जवानों ने लोगों से लॉकडाउन का पालन करते हुए घरों में रहने की अपील की। वहीं, बिना मतलब के घरों से निकलने वालों को पुलिस की सख्ती का भी सामना करना पड़ा। इधर, जिला प्रशासन अब शारीरिक दूरी का अनुपालन कराने पर फोकस कर रही है। डीएम राजेश मीणा ने भी लोगों से लॉकडाउन और शारीरिक दूरी का अनुपालन करने की अपील करते हुए कहा कि अपने घरों में भी शारीरिक दूरी का अनुपालन करें। शारीरिक दूरी का अनुपालन कर ही हम कोरोना को मात दे सकते हैं। इधर, सदर एसडीओ खगेश चंद्र झा ने कहा कि मुंगेर अनुमंडल में जमालपुर नगर परिषद का सदर बाजार इलाका रेड जोन है। जहां डीलर को पंजी संधारण को लेकर लाभुकों को खाद्यान्न देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जरूरी वस्तुओं की डिलिवरी के लिए रेड जोन इलाके के ही आधे दर्जन युवक को वोलेंटियर के रूप में चयनित किया गया है। वोलेंटियर के रूप में चयनित किए गए सभी युवाओं की जांच भी कराई गई है। निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद उन्हें लोगों के घरों तक जरूरी समान पहुंचाने की जिम्मेवारी सौंपी गई है। वहीं, चंदनपुरा में भी बीडीओ और सीओ को जरूरी सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।