Coronavirus Munger Update : 100 से पार हुआ आंकड़ा, डोर टू डोर किया जा रहा सर्वे
Coronavirus Munger News Update जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यहां अब तक 102 मरीज संक्रमित मिले हैं। अभी 90 मरीज एक्टिव हैं।
मुंगेर, जेएनएन। Coronavirus Munger News Update : मुंगेर जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार को सात नए मामले मिले हैं। सात मरीजों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। अबतक जिले में 95 लोग संक्रमित थे। अब यह आंकड़ा 102 पहुंच गया। इस बार कोरोना का मामला जिले के नए प्रखंडों में आया है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि टेटिया बंबर प्रखंड में दो, भलगुरी पंचायत में दो, सदर बाजार में एक, बरियारपुर प्रखंड में एक और चंदनपुरा इलाके में एक लोग चपेट में आए हैं।
कुल संक्रमित मरीजों की संख्या : 102
स्वस्थ्य हुए मरीज : 22
एक्टिव केस : 80
सोमवार सुबह से ही जिला प्रशासन ने जिले में डोर टू डोर सर्वे का निर्देश दिया है। लगातार प्रमंडलीय आयुक्त कोरोना पॉजिटिव मरीजों पर नजर बनाएं हुए हैं। उनसे मिलने वाले सभी लोगों की जांच कराई जा रही है। सोमवार को भी सैंपल लेना शुरू कर दिया गया है।
11 लोगों को मुंगेर भेज कर कराया गया जांच
संग्रामपुर प्रखंड में कोरोना संक्रमण को लेकर सेविका एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा डोर टू डोर किए गए सर्वे के आधार पर स्क्रीनिंग के बाद जिनमें एक भी लक्षण पाए गए हैं, वैसे 11 महिला पुरुषों को चिह्नित कर सैंपल कलेक्शन के लिए मुंगेर भेजा गया है। प्रखंड मुख्यालय के क्वारंटाइन सेंटर आरडीबी इंटर कॉलेज में ऐसे सभी लोगों को सरकारी एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों से लाया गया। यहां सभी महिला पुरुषों की सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए क्विक रिस्पांस टीम के डॉ. उमाकांत प्रसाद द्वारा बारी बारी से जांच की गई। जांच में जांच के दौरान लाए गए महिला पुरुषों में से 11 लोगों में कुछ सामान्य लक्षण पाए गए। इस आधार पर सभी 11 चिह्नित महिला पुरुषों को सैंपल कलेक्शन के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए बस द्वार मुंगेर भेज दिया गया। जांच के क्रम में डॉ प्रसाद ने बताया कि इन 11 लोगों की कोई ट्रेवल्स हिस्ट्री नहीं है। यह सभी डोर टू डोर सर्वे के दौरान लक्षण के आधार पर चिह्नित किए गए हैं। वहीं, आरडीबी कॉलेज क्वारंटाइन सेंटर में स्क्रीनिंग के दौरान ही गुड़गांव हरियाणा से मोटरसाइकिल द्वारा अपने गांव दुर्गापुर आए चार व्यक्ति भी पहुंच गए। युवाओं ने कहा कि हरियाणा से आने के बाद हमलोग जांच कराने सीधे संग्रामपुर पीएचसी गए।
मुंगेर सीमा बाहाचौकी में बने क्वारंटाइन सेंटर पर हो रही मजदूरों की जांच
मुंगेर जिला में विभिन्न राज्यों से मजदूरों का आगमन शुरू हो गया है। कामगार मजदूर बसों पर सवार होकर मुंगेर सीमा में प्रवेश कर रहे हैं। ऐसे में बाहाचौकी बार्डर पर शारीरिक दुरी का ख्याल रखते हुए सभी मजदूरों को बाहाचौकी स्थित कोरंटाइन सेंटर उच्च विद्यालय सुंदरपुर भेजा जा रहा है। जहां सेंटर के नोडल पदाधिकारी के रूप में नियुक्त जिला परिवहन पदाधिकारी रामाशंकर कुमार द्वारा सभी वाहनों का लोखा-जोखा तैयार कराया जा रहा है। ऐसे में बाहर से आनेवाले मजदूरों को क्वारंटाइन करने के लिए संबंधित प्रखंड के कारंटाइन सेंटर पर वाहनों द्वारा भेजा जा रहा है।
लॉकडाउन के नियम का पालन करें
लॉकडाउन के नियम का सख्ती से अनुपालन को लेकर थानाध्यक्ष स्वंयप्रभा, अवर निरीक्षक नरेंद्र मिश्रा आदि ने असरगंज बाजार, मकवा बाजार आदि का निरीक्षण किया। पदाधिकारियों ने दुकानदारों को सुबह छह बजे से आठ बजे तक दूकान खोलने को कहा। उन्होंने लोगों से कहा कि लॉकडाउन के नियम का पालन करें। दुकानों में भीड़ नही लगाएं। साथ ही पदाधिकारियों ने कमराय चैक के समीप चेक पोस्ट पर वाहनों की भी जांच की। वाहन चालकों को आवश्यक निर्देश देकर छोड़ दिया।