Coronavirus Munger Update : कोरोना संक्रमण की चेन तोडऩे में जुटा स्वास्थ्य विभाग
Coronavirus Munger News Update बीते सप्ताह में एक हजार से अधिक प्रवासी मुंगेर पहुंचे हैं। प्रवासी मजदूरों की स्क्रीनिंग कराने के बाद उन्हें क्वारंटाइन कैंप भेजा जा रहा है।
मुंगेर, जेएनएन। Coronavirus Munger News Update : कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर सरकार ने 17 मई तक देश में लॉकडाउन घोषित कर रखा है। लॉकडाउन तीन की अवधि में ही देश के अलग अलग प्रदेशों में फंसे बिहारी मजदूरों को वापस लाने की कार्रवाई भी शुरू की गई। सरकारी आंकड़ों के अनुसार बीते एक सप्ताह में एक हजार से अधिक प्रवासी मुंगेर पहुंचे हैं।
हालांकि, वास्तविक आंकड़े इससे कुछ अधिक होने की संभावना है। बाहर से लौटने वाले प्रवासी मजदूरों की स्क्रीनिंग कराने के बाद उन्हें क्वारंटाइन कैंप भेजा जा रहा है। वहीं, प्रखंड में गठित क्वीक रिस्पांस टीम द्वारा भी क्वारंटाइन कैंप में रखे गए प्रवासियों की सुबह शाम जांच की जा रही है। थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर उनके सैंपल भी एकत्रित किए जा रहे हैं। एसीएमओ डॉ. अजय कुमार भारती ने कहा कि दूसरे राज्यों से पहुंचने वाले प्रवासियों की मेडिकल टीम द्वारा स्क्रीनिंग कराई जा रही है। स्क्रीनिंग के दौरान किसी प्रकार का लक्षण सामने आने पर उनके सैंपल लेकर जांच के लिए पटना भेजा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना संक्रमण की चेन समाप्त करने के लिए जी जान से जुटी हुई है।
क्वारंटाइन कैंप में अब मच्छर नहीं उड़ाएंगे प्रवासियों की नींद
प्रदेश से आने वाले प्रवासियों के कारण जिला में कोरोना संक्रमण का संकट गहराने लगा है। अभी तक जिला में 17 प्रवासी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद जिला प्रशासन दूसरे प्रदेशों से आने वाले प्रवासियों की स्क्रीनिंग और जांच के लिए और अधिक सजग हो गई है। जिला प्रशासन प्रदेशों से आने वाले प्रवासियों को 21 दिनों के लिए क्वारंटाइन कर रही है। क्वारंटाइन कैंप में प्रवासियों को सबसे अधिक परेशानी मच्छरों के कारण होती थी। कई क्वारंटाइन कैंप में रह रहे प्रवासियों की शिकायत थी कि मच्छर के कारण रात में वे चैन से सो नहीं पाते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो काफ्रेंसिंग कर क्वारंटाइन कैंपों की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने सभी प्रवासियों को अनिवार्य रूप से मच्छरदानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम के निर्देश पर डीएम राजेश मीणा ने सभी बीडीओ को अविलंब क्वारंटाइन कैंप में रहने वाले प्रवासियों को मच्छरदानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उबाऊ नहीं हो क्वारंटाइन अवधि
मीलों दूरी तय कर आने वाले प्रवासी को जब 21 दिनों के लिए क्वारंटाइन कैंप पर भेजा जाता है, तो वह सहज रूप में इसे स्वीकार नहीं कर पाते हैं। यही कारण है कि लोग क्वारंटाइन कैंप जाने से बचाने की कोशिश भी करते हैं। जिला प्रशासन ऐसे में क्वारंटाइन अवधि को उबाऊ नहीं, बल्कि मनोरंजक बनाने की तैयारी में जुट गई है। क्वारंटाइन कैंप में प्रवासियों के मनरंजन के लिए टीवी सेट लगाए जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर सभी क्वारंटान कैंप प्रभारी को कैंप में रहने वाले प्रवासियों के लिए पेंटिंग, योगाभ्यास आदि के कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम राजेश मीणा ने कहा कि प्रवासी मजदूरों के लिए क्वारंटाइन कैंप और सेंटर पर नियमित रूप से योगाभ्यास, पेंटिंग सहित अन्य गतिविधि कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी कैंप प्रभारियों को प्रत्येक दिन की गतिविधि की तस्वीर भी भेजने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि, उनका दस्तावेजीकरण कराया जा सके। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि क्वारंटाइन अवधि को मनोरंजक बनाई जा सके। ताकि, इस विपदा में प्रवासियों का आत्मबल मजबूत हो सके।