भागलपुर में कोरोना वैक्सीन लेने वालों की बनाई जा रही सूची, नाम और नंबर के साथ देना होगा ये दस्तावेज
भागलपुर में कोरोना वैक्सीन के लिए सूची बनाई जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य के जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है जिसमें कहा गया है कि भारत सरकार द्वारा कोविड 19 वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित होने की स्थिति में आवश्यक तैयारियां की जानी हैं।
भागलपुर [अशोक अनंत]। भागलपुर में शीघ्र ही कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन मिलने की उम्मीद है। पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मचारियों को वैक्सीन के टीके दिए जाएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों की सूची बनाने में स्वास्थ्य अधिकारी जुट गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य के जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है कि भारत सरकार द्वारा कोविड 19 वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित होने की स्थिति में आवश्यक तैयारियां की जानी हैं। पहले चरण में कोरोना मरीजों का इलाज करने वाले स्वास्थ्य कर्मचारियों को वैक्सीन देनी है। इसके अलावा आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका को भी इसमें शामिल किया गया है, जो कोरोनाकाल में लोगों को जागरूक करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य कर चुके हैं।
स्वास्थ्य कर्मचारियों में चिकित्सक, नर्स के अलावा टेक्नीशियन को भी शामिल किया गया है। पत्र मिलने के साथ ही जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अशोक भगत ने सूची बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि तकरीबन नौ सौ चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मचारियों के अलावा स्वास्थ्य प्रबंधक भी शामिल हैं। इनकी सूची बनाकर शीघ्र ही स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर भेजी जाएगी।
दूसरी तरफ जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि जिले के स्वास्थ्य कर्मचारियों की भी सूची बनाई जा रही है। जिले में तकरीबन दो हजार चिकित्सक से लेकर स्वास्थ्य कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं और आशा कार्यकर्ता की संख्या भी तकरीबन पांच हजार है। सभी की सूची बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 60 वर्ष की आयु के लोगों का टीकाकरण किया जाना है। ऐसे लोगों की सूची में नाम, पैन नंबर और मोबाइल नंबर लिया जाएगा।
वैक्सीन रखने के लिए डिपो का किया निरीक्षण
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी वैक्सीन सुरक्षित रखने के लिए जिला पशुपालन विभाग परिसर में स्थित डिपो भी देखा, लेकिन डिपो में साफ-सफाई का अभाव था। साथ ही उसमें अभी कई कार्य भी करने हैं। उन्होंने कहा कि आगे सरकार द्वारा जो निर्देश दिया जाएगा, उसी के तहत कार्य किए जाएंगे।