Move to Jagran APP

बिहार में वज्रपात का कहर: आधा दर्जन लोगों की मौत, जेईई मेन्स की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थी की छिनी सांसें

बिहार में वज्रपात से मंगलवार को आधा दर्जन लोगों की मौत की खबर है। भागलपुर जमुई बांका में ठनका की चपेट में आकर ये मौतें हुईं हैं। वहीं एक अभ्यर्थी बुरी तरह झुलस गया तो साथ में जेईई मेन्स की परीक्षा देने आया अन्य अभ्यर्थी की मौत हो गई।

By Shivam BajpaiEdited By: Published: Tue, 20 Jul 2021 08:53 PM (IST)Updated: Tue, 20 Jul 2021 08:53 PM (IST)
बिहार में वज्रपात का कहर: आधा दर्जन लोगों की मौत, जेईई मेन्स की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थी की छिनी सांसें
बिहार में ठनका लगने से आधा दर्जन लोगों की मौत।

आनलाइन डेस्क, भागलपुर। बिहार के कई जिलों में बारिश हो रही है। मानसून अब अपने पूरे उफान पर है। ऐसे में बिहार में वज्रपात माने ठनका का भी कहर बरप रहा है। मंगलवार का दिन कई घरों के लिए अमंगल रहा। अलग-अलग जिलों से ठनका की चपेट में आने से आधा दर्जन लोगों ने अपनी जान गंवा दी, तो कुछ गंभीर रूप से घायल हैं। भागलपुर में जेईई मेन्स की परीक्षा देने आए दो युवकों में से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

loksabha election banner

स्वजनों के अनुसार घटना बरारी परीक्षा केन्द्र के आस पास बताई जा रही है। मृतक घोघा थाना क्षेत्र के पक्कीसराय निवासी मुनिंदर साह उर्फ मुन्ना साह का पुत्र दिव्यांशु कुमार(18) है, जो अपने सहपाठी जानीडीह घोघा निवासी भास्कर कुमार के साथ मोटरसाइकिल से जेईमेन की परीक्षा देने बरारी परीक्षा केन्द्र जा रहा था। परीक्षा केन्द्र के समीप ही ठनका की चपेट मे आ गया और मौत हो गई। वहीं, मोटरसाइकिल पर साथ बैठा सहपाठी भास्कर कुमार गंभीर रूप से झुलस गया।

बांका: मंगलवार को बारिश के साथ वज्रपात से एक बालक सहित पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि, दो जख्मी हो गए। प्रशासनिक पदाधिकारियों ने बताया कि मृतक के स्वजनों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मुआवजा राशि दी जाएगी।

इस घटना में अमरपुर व धोरैया में दो-दो व पंजवारा में एक महिला की मौत हुई है। धोरैया के जयपुर पंचायत के झिकटा गांव में वज्रपात की घटना में एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक झिकटा गांव निवासी अजय यादव के पुत्र आशीष कुमार थे। वह बारिश के दौरान अपने दादा लखन प्रसाद यादव और छोटे भाई दीपक के साथ मवेशी लेकर बहियार में था। इस दौरान वज्रपात की घटना से वह दोनों अचेत हो गए। बाद में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया।

इस दौरान डा संध्या गुप्ता ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। जबकि दीपक का इलाज चल रहा है। इधर, चतर्भुज गांव में दिनेश कुमार सिंह की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। पैर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सीताराम मंडल ने बताया कि चतर्भुज गांव निवासी दिनेश कुमार अपने खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इस दौरान वज्रपात से उसकी मौत हो गई।

सीओ हंसनाथ तिवारी व प्रमुख प्रतिनिधि रंजन कुमार शर्मा अस्पताल पहुंचकर आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं अमरपुर के डुमरिया गांव के उत्तर रामजनियां पोखर के समीप ठनका की चपेट में आने से एक वृद्ध एवं एक बालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। शव की पहचान वृद्ध आनंदी मंडल (65) एवं सन्नी तांती (13) के रुप में हुई है। वृद्ध मृतक डुमरिया गांव के वार्ड सदस्य राजकुमार मंडल के पिता थे। जबकि सन्नी तांती मूलरूप से शंभूगंज के केहनीचक गांव के प्रमोद तांती के पुत्र थे। जो बचपन में मां की मौत हो जाने के बाद से ही अपने नाना मुशहरू तांती के यहां रह रहा था।

वार्ड सदस्य राजकुमार मंडल ने बताया कि बारिश में उसके पिता रामजनियां पोखर स्थित खेत जाकर खेत से पानी को रोकने के लिए मेढ बांधकर पास के पीपल पेड़ के नीचे बैठे थे। वहां सन्नी तांती भी था। तभी वज्रपात से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमार्टम बांका सदर अस्पताल में कराया गया। सीओ स्वाति कृष्णा ने बताया कि दोनों मृतक के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा सरकारी मुआवजा दिया जाएगा।

पंजवारा के माराटीकर गांव की महिला सुनीता देवी (31) सिरादै बहियार में खेत में मूंग के फसल की तोड़ाई कर रही थी। इसी वक्त ठनका की चपेट में आने से काल के गाल में समा गई। मृतक के पति मुन्ना पासवान पर आफत का पहाड़ गिर पड़ा है। वह पैर से दिव्यांग है। उसे तीन पुत्री व दो पुत्र हैं। इसके पालन पोषण से गुजर बसर का संकट आन पड़ा है। शोक संतप्त स्वजनों को ढाढस बंधाने मृतक के घर लोगों का जमावड़ा लगा रहा।

जयपुर के इनारावरण कोल टोला में चापाकल पर स्नान के क्रम में सरगुन मुर्मू का 12 वर्षीय पुत्र प्रकाश मुर्मू अचेत हो गया। अचानक वज्रपात से प्रकाश मुर्मू चापाकल के पास ही पेट के बल गिर कर बेहोश हो गया। बाद में स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया। जहां जख्मी बाला खतरे से बाहर है।

जमुई में ठनका से मवेशी और दो लोगों की मौत

संवाद सूत्र, अलीगंज(जमुई)। मंगलवार को वज्रपात से दो की मौत हो गई। एक घटना अलीगंज प्रखंड के कैथा पंचायत के धनार गांव में व दूसरी घटना चकाई प्रखंड के दुधनिया गांव में घटी है। धनार गांव निवासी पवन राम का 12 वर्षीय पुत्र सुरेश कुमार मंगलवार की दोपहर बहियार में गाय चरा रहा था। इसी बीच अचानक आई तेज बारिश के दौरान वज्रपात हुई जिससे मवेशी (गाय) व बालक की मौत हो गई।

हांलाकि, स्वजन बेहोशी की हालत में बच्चे को अलीगंज अस्पताल इलाज के लिए ले गए। बेहतर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कैथा पंचायत के पूर्व मुखिया पवन ङ्क्षसह शोकाकुल स्वजनों से मिलकर ढाढ़स बंधाया और पीडि़त स्वजनों को हर संभव सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भी भरोसा दिया।

संवाद सूत्र, चकाई(जमुई): चकाई थाना क्षेत्र के दुधनिया गांव निवासी अमोद यादव मंगलवार को अपने घर के पास खड़ा था। इसी क्रम में बारिश के साथ वज्रपात होने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने दौड़कर कर उसे उठाने का प्रयास किया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। उसके बाद स्थानीय लोगों ने उसके स्वजनों को घटना की सूचना दी। अमोद की मौत के बाद से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चंद्रमंडी पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.