Lakhisarai Crime: पत्नी का चल रहा था किसी और से चक्कर, पति को रास्ते से इस तरह हटाया, कर दी हत्या
लखीसराय में एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी। वह ससुराल में था। युवक के स्वजनों ने हत्या का आरोप मृतक की पत्नी साला और सास-ससुर पर लगाया है। बताया जा रहा है कि पत्नी का किसी और से प्रेम प्रसंग था।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। Lakhisarai Crime: शहर के वार्ड नंबर 17 पचना रोड संसार पोखर स्थित विषहरी स्थान मोहल्ले में एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। मृतक किऊल थाना क्षेत्र अंतर्गत किऊल धर्मशाला वृंदावन निवासी स्व शिवनारायण राम के छोटे पुत्र जवाहर राम थे। मृतक के बड़े भाई हीरा राम के बयान पर एक मई को कबैया थाना में हत्या का केस दर्ज किया गया है। इसमें मृतक जवाहर राम की पत्नी सोनम कुमारी, ससुर विजय राम, साला दीपक कुमार और सास को आरोपित किया गया है।
मृतक के भाई ने नामजद सभी आरोपितों पर जवाहर राम की हत्या करने का आरोप लगाया है। उधर पुलिस मामले की जांच कर रही है। दर्ज केस में हीरा राम ने पुलिस को बताया है कि उसके छोटे भाई जवाहर राम की शादी दो वर्ष पूर्व शहर के पचना रोड संसार पोखर स्थित विषहरी स्थान मोहल्ला निवासी विजय राम की पुत्री सोनम कुमारी के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद पता चला कि जवाहर की पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम-प्रसंग और अवैध संबंध है। इसे लेकर जवाहर और सोनम के बीच अक्सर विवाद होने लगा।
शादी के बाद सोनम ससुराल के बदले अपने मायके में ही रहने का दबाव बनाती थी। इसको लेकर पति पत्नी के बीच काफी विवाद रहता था। वर्तमान में सोनम अपने मायके लखीसराय स्थित घर पर रह रही थी। उसके साथ पति जवाहर राम भी रह रहा था। दर्ज केस में मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि 28 अप्रैल को जानकारी मिली कि उसका भाई छत पर से गिर गया और उसकी मौत हो गई। वे लोग इस सूचना पर पचना रोड स्थित उसका ससुराल पहुंचे। वहां जब घटना के बारे में पूछताछ की तो लड़की पक्ष के लोगों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
जवाहर का शव को लेकर उसके घर वाले जब किऊल वृंदावन ले आये तो देखा कि जवाहर के गले मे फंदा डालने का काला निशान है। आशंका है कि ससुराल वालों ने गला दबाकर जवाहर की हत्या कर दी और छत से गिरने का झूठा नाटक रच दिया। मृतक के भाई ने कहा कि एक साजिश के तहत उसके भाई की हत्या नामजद उक्त सभी आरोपितों ने कर दी है। उधर कबैया थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि आवेदन के आलोक में केस दर्ज किया गया है। मृतक के परिवार वाले ने पहले सूचना नहीं दी। मामले की जांच की जा रही है।