Lakhisarai Crime : सरपंच के पिता को बदमाशों ने चाकू घोंपा, मौत, खेत से मिली लाश
Lakhisarai Crime लखसीराय में सरपंच मुरलीधर सिंह के पिता ब्रजकिशोर सिंह अपराधियों ने हत्या कर दी। वह रामगढ़ चौक के नदियांमा गांव से एक निमंत्रण में लखीसराय जाने के लिए निकले थे। दूरडीह पेट्रोल पंप के पास पतनेर नहर रोड में खेत से उनकी लाश मिली।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत नदियांमा गांव निवासी ब्रजकिशोर सिंह (65 वर्ष) की अज्ञात बदमाशों ने चाकू घोंप हत्या कर दी है। घटना बुधवार रात की है। मृतक भंवरिया ग्राम कचहरी के सरपंच मुरलीधर सिंह के पिता थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पेशे से किसान ब्रजकिशोर की हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्वजनों के अनुसार वे अपने घर से एक निमंत्रण में लखीसराय जाने के लिए बुधवार की शाम निकले थे। रास्ते में एक बाइक पर सवार दो युवकों ने अपनी बाइक पर बीच में उन्हें बैठा लिया और लखीसराय पहुंचा देने की बात कही।
गांव स्थित चौक पर चाय विक्रेता जवाहर कुमार ने उन्हें बाइक पर सवार होकर जाते देखा भी। रामगढ़ चौक पेट्रोल पंप के पास दूरडीह से पतनेर नहर जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे खेत में सन्नाटा देखकर ब्रजकिशोर सिंह की हत्या चाकू घोंपकर कर दी। रात को ही स्थानीय ग्रामीण खेत पटवन करके अपने घर लौट रहे थे तो वहां शव पड़े रहने की सूचना पुलिस को दी। रामगढ़ चौक थाना अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार पाठक ने पहुंचकर शव को कब्जे में किया।
चौकीदार की मदद से उनकी पहचान करके स्वजनों को सूचना दी। इसके बाद थानाध्यक्ष ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लखीसराय भेज दिया। मृतक के शरीर के कई जगहों पर छेद के निशान देखे गए। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने भी प्रारंभिक जांच में चाकू घोंपने की बात कही है। सरंपच के पिता की हत्या की सूचना फैलते ही गुरुवार की सुबह काफी संख्या में लोग रामगढ़ चौक थाना एवं इसके बाद पोस्टमार्टम हाउस लखीसराय पहुंच गए। थाना अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कराई जाएगी। इस हत्याकांड में शामिल अपराधियों को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा। पुलिस हरेक बिंदुओं पर जांच कर रही है।