जानिए प्लान: 16 जनवरी 2022 बन जाएगी मुंगेर के लिए खास, एक साथ मिलेगी दो-दो सौगात
16 जनवरी 2022 मुंगेर के लिए दो बड़े सौगात लेकर आने वाली है। इसके लिए अभी से तैयारी की जा रही है। जहां सीएम नीतीश कुमार के आगमन को लेकर जनता उत्साहित है तो वहीं उनके द्वारा श्रीकृष्ण सेतु का लोकार्पण होगा। दूसरा गिफ्ट ट्रेन...
जागरण संवाददाता, मुंगेर : नव वर्ष 2022 का पहला माह जनवरी मुंगेर के लिए काफी खास है। 16 जनवरी को जिले के लोगों को एक साथ दो-दो तोहफा मिलेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस दिन श्रीकृष्ण सेतु का लोकार्पण कर जनता को समर्पित करेंगे। रेलवे भी यहां के लोगों को दक्षिण भारत के तीर्थ स्थलों के लिए आस्था सर्किट ट्रेन चलाएगी। मुंगेर स्टेशन से आस्था सर्किट ट्रेन खुलेगी। एक ही दिन चंद घंटे के अंतराल में दो-दो सौगात जिले के लोगों को मिलने वाला है। श्रीकृष्ण महासेतु पर एप्रोच पथ का काम तेजी से चल रहा है। खरमास के बाद 16 जनवरी को श्रीकृष्ण महासेतु का लोकार्पण करने की तारीख तय की गई है।
आइआरसीटीसी के उप महाप्रबंधक पर्यटन पूर्वी क्षेत्र राजेंद्र बोरबान ने बताया कि भारतीय रेल दक्षिण भारत के तीर्थ स्थलों के भ्रमण के लिए16 जनवरी को मुंगेर स्टेशन से आस्था सर्किट चलेगी। तिरुपति, मदुरै, रामेश्वरम, कन्याकुमारी और पुरी का भ्रमण होगा। 10 रात और 11 दिन का यह सफर होगा। स्पेशल ट्रेन से सफर करने के लिए दो पैकेज दर निर्धारित किया गया है। इसमें स्टैंर्ड श्रेणी (स्लीपर) के लिए प्रति व्यक्ति 10395 रुपये और कंफर्ट श्रेणी (एसी) से सफर करने पर हर यात्री को 17325 रुपये देने होंगे। ग्रुप में सफर करने पर यात्रियों को रियायत मिलेगी। इसके लिए ग्रुप में कम से कम 20 यात्रियों का होना जरूरी है।
चाय-नाश्ता-भोजन से भ्रमण तक का साथ
आस्था सर्किट ट्रेन से यात्रियों के लिए चाय, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन सहित ठहरने और बस की व्यवस्था भी रहेगी। नन एसी बस से मंदिरों का दर्शन कराया जाएगा। आस्था सर्किट ट्रेन में स्लीपर क्लास में चार सौ और एसी क्लास में तीन सौ सीटें होंगी। टिकट शुल्क में ही यात्रियों के चार लाख रुपये का दुर्घटना बीमा भी किया जाएगा। आइआरसीटीसी ने इस बार भी पूर्व बिहार के लोगों को भी जोड़ने की कोशिश की गई है। तीर्थ स्थल को दर्शन करने वाले यात्रियों की मांग पर दक्षिण भारत दर्शन चलाने का निर्णय लिया गया है। मुंगेर स्टेशन से चलने के बाद स्पेशल ट्रेन का परिचालन सुल्तानंगज, भागलपुर, कहलगांव, साहिबगंज, रामपुर हाट, दानकुनी खड$गपुर के रास्ते होगा। आस्था सर्किट ट्रेन एलएचबी रैक से लैस होगी। बुकिंग आस्था सर्किट ट्रेन में बुकिंग आइआरसीटीसी वेबसाइट पर क्रेडिट कार्ड से शुरू कर दी गई है।