Road accident Kishanganj : ट्रक व स्कार्पियो में भीषण टक्कर, एक की मौत, दो घायल
Road accident Kishanganj पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी के समीप सड़क दुर्घटना में किशनगंज निवासी युवक की मौत हो गई। घटना ट्रक और स्कार्पियो के बीच सीधी टक्कर के कारण हुई। घटना में स्कार्पियो चालक की मौत हुई है। दो घायल हैं।
जागरण संवाददाता, किशनगंज। पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी के समीप एनएच 327 ई पर मंगलवार देर रात को सड़क दुर्घटना में पौआखाली निवासी युवक की मौत हो गई। ट्रक और स्कार्पियो के बीच हुई सीधी टक्कर में स्कार्पियो चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि स्कार्पियो सवार दो अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए। दोनों घायलों को सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) के किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की शिनाख्त पौआखाली बाजार निवासी भास्कर सिन्हा, पिता स्व. पशुपति सिन्हा के रूप में की गई।
जानकारी के अनुसार देर रात को सिलीगुड़ी से लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। घना कोहरे के बीच रफ्तार कहर बनकर टूट पड़ी। मृतक भास्कर सिन्हा उर्फ पप्पू वाहन मालिक भी था। वह भाड़े पर वाहन चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। मंगलवार देर शाम को वह पास के किसी ईंट भट्ठा कर्मी के साथ भाड़े पर वाहन लेकर सिलीगुड़ी गया था। वापसी के दौरान नक्सलबाड़ी के समीप घटित भीषण हादसे में वाहन के परखच्चे उड़ गए। चालक भास्कर सिन्हा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पिछली सीट पर बैठे दोनों सवारी बुरी तरह घायल हो गए। दोनों ईंट भट्ठा कर्मी बताए जा रहे हैं। दोनों घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है, नाम पता मालूम नहीं हो सका है।
घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मचा है। पत्नी व बच्चों की चीख पुकार और क्रंदन से माहौल गमगीन बना हुआ है। मृतक के घर आसपास के लोगों की भीड़ जुटी है। स्थानीय लोग रोते बिलखते बच्चों और गमगीन स्वजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
स्वजन शव लेने पश्चिम बंगाल पहुंचे
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के स्वजन पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी पहुंचे। वहां की पुलिस ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद ही दिया जाएगा। अभी पोस्टमार्टम की प्रकिया चल रही है। शाम के बाद ही शव को किशनगंज लाए जाने की संभावना है।